नरसिंहपुर. मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा तहसील अंतर्गत ग्राम केकरा में रेलवे ठेके की आड़ में अवैध खुदाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्वालियर का एक रेलवे ठेकेदार बिना वैध अनुमति के शासकीय जमीन और आसपास की पहाडिय़ों से मिट्टी निकाल रहा है।बताया जा रहा है कि लगभग 20 से 25 फीट ऊंचे पहाडऩुमा हिस्सों को काटकर मिट्टी निकाली जा रही है। इससे आसपास के प्राकृतिक संसाधनों और वन क्षेत्र को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह खुदाई इटारसी-जबलपुर रेलवे लाइन के किनारे मिट्टी भरने के एक बड़े ठेके के लिए की जा रही है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 50 से 60 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
ग्राम कोटवार राकेश गडवाल ने बताया कि ठेकेदार द्वारा उनकी मनाही के बावजूद लगातार खुदाई कराई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खेतों तक को खोद दिया गया है। यदि खुदाई नहीं रुकी तो वे एसडीएम गाडरवारा को लिखित शिकायत देंगे।
रेलवे का चल रहा काम
मामले में जिला खनिज अधिकारी ओपी बघेल ने बताया कि शिकायत मिलने पर एक इंस्पेक्टर को मौके पर भेजा गया था। इंस्पेक्टर ने रिपोर्ट दी कि वहां मिट्टी का परिवहन नहीं हो रहा था और यह रेलवे की जमीन है, जिसका उपयोग रेलवे के काम में ही किया जा रहा है। हालांकि इस मामले की दोबारा जांच कराई जाएगी।

