जबलपुर और भोपाल के कार्यपालक निदेशकों और मुख्य महाप्रबंधकों का हुआ स्थानांतरण
जबलपुर। एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड जबलपुर ने प्रशासनिक कार्यकुशलता को देखते हुए 5 वरिष्ठ अधिकारियों के स्थानांतरण और नवीन पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार जबलपुर मुख्यालय और भोपाल क्षेत्रीय कार्यालय में पदस्थ कार्यपालक निदेशकों एवं मुख्य महाप्रबंधकों के मौजूदा दायित्वों में फेरबदल किया गया है। जबलपुर में कार्यरत कार्यपालक निदेशक फिरोज कुमार मेश्राम को अब कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन एवं प्रशासन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं राजीव कुमार गुप्ता को कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन एवं प्रशासन के पद से हटाकर कार्यपालक निदेशक पावर मैनेजमेंट के पद पर तैनात किया गया है। प्रबंधन ने मुख्य महाप्रबंधक स्तर पर भी बदलाव करते हुए प्रवीण कुमार जैन को पावर मैनेजमेंट विभाग से स्थानांतरित कर मुख्य महाप्रबंधक रणनीतिक योजना एवं परियोजना के पद पर नियुक्त किया है। भोपाल कार्यालय में पदस्थ राकेश कुमार ठुकराल जो अब तक मुख्य महाप्रबंधक वाणिज्य एवं गैर पारंपरिक ऊर्जा का कार्य देख रहे थे उन्हें अब मुख्य महाप्रबंधक क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल बनाया गया है। इसी तरह गुरदीप सिंह खनूजा को मुख्य महाप्रबंधक क्षेत्रीय कार्यालय से स्थानांतरित कर मुख्य महाप्रबंधक वाणिज्य एवं गैर पारंपरिक ऊर्जा का प्रभार दिया गया है। कंपनी द्वारा स्पष्ट किया गया है कि इन सभी अधिकारियों को पूर्व से प्राप्त वरिष्ठ पदों का चालू प्रभार और शक्तियां नवीन पदस्थापना के दौरान भी यथावत प्राप्त रहेंगी। यह आदेश अतिरिक्त मुख्य महाप्रबंधक द्वारा जारी किया गया है।
