जबलपुर। जबलपुर में प्रदेश के सबसे लंबे नवनिर्मित एलिवेटेड फ्लाईओवर पर यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। हाल ही में एक नया मामला सामने आया है जिसमें एक युवक फ्लाईओवर की ऊंची बाउंड्रीवॉल पर खड़े होकर खतरनाक स्टंट कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि इस जानलेवा स्टंट को कोई और नहीं बल्कि उसकी पत्नी ही मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर रही है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है जिसमें युवक बिना किसी सहारे के रेलिंग के अंतिम छोर पर खड़ा नजर आ रहा है। ऊंचाई से गिरने के गंभीर खतरे के बावजूद रील बनाने के चक्कर में इस दंपति ने अपनी जान जोखिम में डाल दी।
पुलिस की कार्रवाई और सख्त चेतावनी
वीडियो के संज्ञान में आते ही जबलपुर पुलिस विभाग सक्रिय हो गया है। यातायात पुलिस और संबंधित थाना क्षेत्र की टीम ने वायरल फुटेज के आधार पर स्टंटबाज युवक की पहचान शुरू कर दी है। एएसपी सूर्यकांत शर्मा का कहना है कि पूर्व में भी इस फ्लाईओवर पर स्टंट करने वाले कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और उनके वाहनों के चालान काटे गए हैं। प्रशासन द्वारा बार-बार दी जा रही समझाइश और चेतावनी के बाद भी स्थानीय नागरिक रील बनाने के लिए खतरनाक कदम उठाने से बाज नहीं आ रहे हैं। पुलिस अब इस मामले में कड़ी वैधानिक कार्रवाई की तैयारी कर रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
