khabar abhi tak

एमपी : एसडीएम दफ्तर में रात में बाबू कर रहा था शराबखोरी, अधिकारी बोले- कड़ी कार्रवाई होगी

रीवा. मध्य प्रदेश के रीवा जिले के एसडीएम कार्यालय में शुक्रवार 13 मार्च की देर रात एक बाबू दफ्तर के अंदर शराब पीता कैमरे में कैद हुआ है। रात करीब 10 बजे हुई इस घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम अनुराग तिवारी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बाबू वहां से जा चुका था। फिलहाल मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर रात कार्यालय के अंदर शराब पीने की यह घटना कैमरे में कैद हो गई। वीडियो सामने आने के बाद कार्यालय में हड़कंप मच गया है। सरकारी दफ्तर के भीतर इस तरह शराब पीने को लेकर लोगों में नाराजगी है। इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था की निगरानी पर भी सवाल खड़े किए हैं।

चौकीदार बोला- मैंने मना किया था

एसडीएम कार्यालय में पदस्थ चौकीदार ने घटना को लेकर बताया कि उसने बाबू को शराब पीने से रोका था। चौकीदार ने कहा, मैं मना करने गया था कि यहां ये सब मत करो। लेकिन 10 बजे रात बैठे हुए थे। हम भी सुबह 10 बजे से आते हैं और देर रात तक बैठना पड़ता है।

एसडीएम के पहुंचने से पहले रवाना हुआ बाबू

घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम अनुराग तिवारी शुक्रवार देर रात ही तत्काल कार्यालय पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जब तक एसडीएम मौके पर पहुंचे, तब तक बाबू वहां से रवाना हो चुका था। एसडीएम कार्यालय के भीतर नशे करने की उसकी गतिविधि कैमरे में आ चुकी थी।

कड़ी कार्रवाई की जाएगी

एसडीएम अनुराग तिवारी ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा, इस तरह की गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak