जबलपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच के साथ कोतवाली और रांझी थाना पुलिस ने संयुक्त दबिश दी। इस पूरी कार्यवाही के दौरान कुल 7 किलो 495 ग्राम गांजा बरामद किया गया जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 74 हजार 750 रूपये है। इसके साथ ही पुलिस ने 55 लीटर अवैध कच्ची शराब और 1015 रूपये नकद जब्त किए हैं। कार्यवाही के दौरान शराब बनाने के काम आने वाला लगभग 200 लीटर लाहन भी मौके पर नष्ट किया गया। यह सफलता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली रीतेश कुमार शिव, नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीश साहू और डीएसपी क्राइम उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में मिली है।
सात किलो से अधिक गांजे के साथ एक गिरफ्तार
कोतवाली थाना प्रभारी मानस द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम को 13-3-26 की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोपाल बाग तलैया में एक व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। पुलिस ने तत्काल एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत घेराबंदी कर दबिश दी। मौके से दमोहनाका निवासी 34 वर्षीय अभिषेक पटेल उर्फ अंशु को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद थैले में 7 किलो 325 ग्राम गांजा मिला जिसकी कीमत 3 लाख 66 हजार रूपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 8, 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्यवाही में उप निरीक्षक नवल सिंह परस्ते, आरक्षक देवेन्द्र अहिरवार, उमेश पटेल, प्रधान आरक्षक राकेश उपवन, अमर सिंह, दिव्यांशू, दान सिंह, अजय सिंह सहित क्राइम ब्रांच के सहायक उप निरीक्षक प्रशांत सोलंकी, प्रधान आरक्षक अटल जंघेला, आरक्षक अजीत सिंह, विनय सिंह, राजेश मात्रे, प्रदीप तेकाम और इद्रजीत यादव की भूमिका रही।
कच्ची शराब और गांजे के पाउच के साथ दो तस्कर दबोचे
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने बापूनगर क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान दो संदिग्धों को देखा। आरोपी राहुल सोनकर उर्फ बाबू और करन बर्मन पुलिस को देख कर भागने लगे जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से 55 लीटर कच्ची शराब और 30 पाउच गांजा बरामद हुआ। गांजे का वजन 170 ग्राम है जिसकी कीमत करीब 8500 रूपये है। आरोपी करन के पास से गांजा बिक्री के 1015 रूपये भी मिले। पूछताछ में खुलासा हुआ कि राहुल सोनकर नाले के पास जंगल में लाहन से शराब तैयार करता था जिसकी निशानदेही पर पुलिस ने 200 लीटर लाहन नष्ट किया। इस टीम में उप निरीक्षक मयंक यादव, सहायक उप निरीक्षक मनीष कुमार जाटव, कल्याण सिंह, आरक्षक भूपेन्द्र, प्रदीप और क्राइम ब्रांच के स.उ.नि. कैलाश मिश्रा, मोहन तिवारी, आरक्षक शैलेन्द्र व प्रीतम शामिल थे।
अपराधिक रिकॉर्ड वाले आरोपी से नेटवर्क की पूछताछ जारी
पुलिस जांच में पता चला है कि पकड़ा गया आरोपी राहुल उर्फ बाबू सोनकर शातिर अपराधी है जिसके विरुद्ध पहले से अवैध वसूली, बलवा, आबकारी और आर्म्स एक्ट के 6 मामले दर्ज हैं। आरोपी करन बर्मन ने स्वीकार किया कि वह राहुल के लिए 100-100 रूपये में गांजे के पाउच बेचता था और उसे बदले में 300 रूपये कमीशन मिलता था। पुलिस अब इन आरोपियों से इस बात की जानकारी जुटा रही है कि वे गांजा और शराब की खेप कहां से प्राप्त करते थे। फिलहाल आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट और 8, 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्यवाही की जा रही है। पुलिस की इस सतर्कता से क्षेत्र में नशा कारोबारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
