khabar abhi tak

मामूली हॉकर के घर में मिली अवैध गैस सिलेंडर की खेप

 


जबलपुर। भेडाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झिन्ना में पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए गैस सिलेण्डरों के अवैध संग्रहण का पर्दाफाश किया है। 13 मार्च  की रात में गोपनीय सूचना के आधार पर राजस्व विभाग, खाद्य विभाग, क्राईम ब्रांच और भेडाघाट पुलिस की टीम ने ग्राम झिन्ना के मोहल्ला मीरगंज में दबिश दी। कार्यवाही के दौरान मौके पर 41 वर्षीय सुनील पटेल मिला जिसके रहवासी मकान की सघन तलाशी ली गई। जांच में मकान के भीतर 6 घरेलू और 4 व्यवसायिक गैस सिलेण्डर अत्यंत असुरक्षित तरीके से रखे मिले। साथ ही विभिन्न उपभोक्ताओं के नाम पर जारी की गई कुल 47 गैस बुक भी बरामद की गईं। इन वस्तुओं के भंडारण के संबंध में सुनील कोई वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

रिहायशी इलाके में भण्डारण बड़ी चिंता

​पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि सुनील पटेल संजीवनी नगर गुलौआ चौक स्थित दीप गैस एजेन्सी में हाकर का काम करता है। उसने झिन्ना मीरगंज, आमा हिनौता, कूडन, शिल्पी नगर और भेडाघाट क्षेत्र के उपभोक्ताओं की 47 गैस बुक अपने घर में नियम विरुद्ध तरीके से छुपाकर रखी थी। रिहायशी इलाके के एक मकान में बिना किसी सुरक्षा मानकों के इतनी बड़ी संख्या में ज्वलनशील गैस सिलेण्डर रखना जन सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा और नियमों का उल्लंघन पाया गया। कलेक्ट्रर कार्यालय की खाद्य शाखा के अधिकारी कुंजन सिंह राजपूत ने स्थल निरीक्षण के पश्चात आरोपी के विरूद्ध पुलिस को लिखित प्रतिवेदन सौंपा। इस आधार पर भेडाघाट पुलिस ने आरोपी सुनील पटेल के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7(3) ईसी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस ने मौके से जप्त 10 सिलेण्डर और 47 उपभोक्ता डायरियों को साक्ष्य के तौर पर जप्त कर लिया है। इस कार्यवाही से गैस की कालाबाजारी करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak