रीवा. एमपी के रीवा के बिछिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार 13 मार्च की देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक 18 वर्षीय युवक पर फायरिंग कर दी, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि 18 वर्षीय शिवेंद्र यादव अपने दोस्त के साथ किसी निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम से लौटते समय रात करीब 11:30 बजे जैसे ही वह लोही ब्रिज के पास पहुंचा, तभी अज्ञात बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बदमाशों ने तीन से चार राउंड फायर किए, जिनमें से दो गोलियां शिवेंद्र यादव के पेट में लगी हैं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
संजय गांधी अस्पताल में घायल भर्ती, हालत नाजुक
घटना की सूचना मिलते ही बिछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका आईसीयू में इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अज्ञात बदमाशों की तलाश की जा रही है। फिलहाल इस वारदात के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। वहीं घायल युवक चिरहुला कॉलोनी का रहने वाला बताया जा रहा है।
