मंडला। एमपी के मंडला में कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके आज आयोजित महिला कबड्डी प्रतियोगिता में खुद मैदान में उतर गई। मंत्री को मैदान में देख अलग ही माहौल बन गया था।
केसरिया साड़ी पहने मंत्री उइके कबड्डी-कबड्डी कहते हुए विरोधी पाले में रेड लेने गईं। हालांकि ज्यादा देर टिक नहीं सकीं और सुरक्षित अपने पाले में लौट आईं। इसके बाद विरोधी टीम की खिलाड़ी ने उनकी तरफ रेड की, जिस पर मंत्री ने घेरा बनाकर पकडऩे की कोशिश की, लेकिन खिलाड़ी फुर्ती से बच निकली। विरोधी टीम में जिले की महिला अधिकारियों की टीम थी। प्रदर्शन मैच के दौरान मंत्री ने दो बार रेड की और डिफेंस में भी हाथ आजमाया। एक मौके पर वे आउट होते-होते बचीं, जिससे मैदान में मौजूद खिलाडिय़ों और दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ गया। मंत्री संपतिया उइके ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पारंपरिक खेल हमारी संस्कृति की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है। इसलिए महिलाओं को भी इसमें बढ़.चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। इस प्रतियोगिता में जिले के अलग.अलग विकासखंडों से 8 महिला टीमों ने हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देना और महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।