रीवा. एमपी के रीवा के एसडीएम (हुजूर) कार्यालय में रात के समय शराब पीने वाले दो कर्मचारियों पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एसडीएम डॉ. अनुराग तिवारी ने सहायक वर्ग-3 के कर्मचारी दिलीप पाल और धर्मेन्द्र पटेल को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा है। इसके साथ ही मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति भी गठित कर दी गई है।
एसडीएम द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि मीडिया में प्रसारित खबरों में दोनों कर्मचारियों को 13 मार्च की रात करीब 10 बजे एसडीएम कार्यालय के अंदर शराब पीते हुए दिखाया गया था। मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है। एसडीएम ने इस कृत्य को कार्यालय की छवि धूमिल करने वाला आचरण मानते हुए नोटिस जारी किया है।
24 घंटे में मांगा जवाब
एसडीएम ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि यह कृत्य कर्मचारियों की घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता को दर्शाता है। यह मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के पूरी तरह विपरीत है। प्रशासन की ओर से दोनों कर्मचारियों से 24 घंटे के भीतर संतोषजनक जवाब देने को कहा गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय में जवाब संतोषजनक नहीं मिलता है, तो दोनों कर्मचारियों पर एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में जांच समिति गठित
मामले की विस्तृत जांच के लिए एसडीएम डॉ. अनुराग तिवारी ने नायब तहसीलदार (हुजूर) की अध्यक्षता में एक तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। इस समिति को मामले की निष्पक्ष जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसडीएम ने जांच समिति को सख्त निर्देश दिए हैं कि वह दो दिन के भीतर अपनी जांच पूरी कर प्रतिवेदन (रिपोर्ट) प्रस्तुत करे।
