जबलपुर। गोल बाजार स्थित शहीद स्मारक परिसर में आयोजित जिला पुस्तक मेले में बीती रात उस समय अप्रिय स्थिति निर्मित हो गई जब दो नामी पुस्तक प्रकाशकों के कर्मचारी आपस में भिड़ गए। यह घटना रात करीब 10 बजे की है जब मेले में पाठकों और परिवारों की अच्छी खासी भीड़ मौजूद थी। जानकारी के अनुसार एक ही ग्राहक को अपनी ओर आकर्षित करने और किताबों की डीलिंग को लेकर शुरू हुई बहस देखते ही देखते हिंसक हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच खुलेआम धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई जिससे मेले का शांतिपूर्ण माहौल पूरी तरह खराब हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि झगड़े के दौरान वहां मौजूद बच्चों और अभिभावकों में दहशत फैल गई और लोग अपनी सुरक्षा के लिए स्टाल छोड़कर बाहर की ओर भागने लगे।
पुलिस की दखल के बाद शांत हुआ मामला
विवाद की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मारपीट में शामिल दोनों पक्षों के प्रमुख व्यक्तियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। बताया जा रहा है कि शहर के ये दोनों ही प्रतिष्ठित पुस्तक विक्रेता हैं जिनके बीच व्यापारिक प्रतिस्पर्धा पहले भी देखी गई है। मेले में उपस्थित अन्य प्रकाशकों और विक्रेताओं ने इस घटना पर गहरा रोष व्यक्त किया है। उनका कहना है कि इस तरह के कृत्यों से न केवल आयोजन की व्यवस्था प्रभावित होती है बल्कि शहर के सबसे बड़े आयोजन की छवि पर भी बुरा असर पड़ता है। पुलिस अब दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगामी वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी है। मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अब सवाल उठ रहे हैं क्योंकि इस घटना ने वहां आए पाठकों के मन में असुरक्षा का भाव पैदा कर दिया है।
