khabar abhi tak

जबलपुर में पेट्रोल-डीजल की किल्लत का सच, एचपीसीएल ने किया बड़ा खुलासा

 


जबलपुर। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने जबलपुर जिले में ईंधन की कमी को लेकर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर चल रही खबरों का खंडन किया है। कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक ने आधिकारिक जानकारी देते हुए स्पष्ट किया है कि वर्तमान में जिले के भंडारण केंद्रों पर पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। एचपीसीएल के पास 7 दिनों का कवर स्टॉक उपलब्ध है जो कंपनी की कुल भंडारण क्षमता के 70 प्रतिशत से भी अधिक हिस्सा कवर करता है। आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह सुचारू है और डिपो पर नियमित रूप से पेट्रोलियम उत्पादों की प्राप्ति हो रही है जिससे भविष्य में भी किसी प्रकार की किल्लत होने की कोई संभावना नहीं है। क्षेत्रीय प्रबंधक के अनुसार कंपनी इस समय सामान्य दिनों की तुलना में लगभग 2 गुनी क्षमता के साथ आपूर्ति का संचालन कर रही है। ईंधन की कमी की भ्रामक खबरों के कारण बाजार में मांग अचानक 4 गुना तक बढ़ गई है जिससे कुछ चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर अस्थाई दबाव की स्थिति निर्मित हुई है। इस अप्रत्याशित मांग को पूरा करने के लिए भी एचपीसीएल के पास पर्याप्त संसाधन और स्टॉक मौजूद है। प्रबंधन ने आम जनता और उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निराधार अफवाहों पर भरोसा न करें और घबराहट में आकर वाहनों या कंटेनर्स में ईंधन का अनावश्यक भंडारण करने से बचें। कंपनी ने दोहराया है कि वह उपभोक्ताओं को निर्बाध और उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आपूर्ति व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की चिंता की आवश्यकता नहीं है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak