जबलपुर। कजरवारा क्षेत्र में स्थित मां खेरमाई माता मंदिर से भव्य जवारा शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में महाकाली माई की झांकी, खप्पर, बाना और ध्वजा के साथ लगभग 10 हजार श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत 108 जवारा कलशों की स्थापना के साथ हुई। मंदिर के पंडा मूलचंद ने संपूर्ण विधि-विधान से पूजन अर्चन संपन्न कराया। पूजन के पश्चात कन्याओं के सिर पर कलश रखकर शोभायात्रा प्रस्थान के लिए माता से अनुमति प्राप्त की गई। इस दौरान पंडा ने अपने शरीर पर 51 बाना धारण किए। जवारा स्थल पर बड़ी संख्या में महिलाओं और कन्याओं ने भक्ति भाव में लीन होकर जवारों की परिक्रमा की और धर्म लाभ लिया।
भक्तों की आस्था,जगह-जगह स्वागत
शोभायात्रा के दौरान भक्त नंगे पांव लगभग 3 किलो मीटर की दूरी तय कर गंतव्य तक पहुंचे। खेरमाई मंदिर समिति के अध्यक्ष नकुल गुप्ता के अनुसार मंदिर में भक्तों की अटूट आस्था जुड़ी। मन्नत वाले जवारों पर जल एवं दूध अर्पित करने से रोगों से मुक्ति मिलती है। शोभायात्रा कजरवारा के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान बजरंग बस्ती में कलश पूजन के साथ भंडारे में शरबत और फल वितरित किए गए। इसके बाद कुलाना बस्ती में माता के मंदिर के सम्मुख पूजन किया गया। भोगाद्वार पहुंचने पर हनुमान मंदिर समिति द्वारा कन्या पूजन का आयोजन किया गया। महावर परिवार द्वारा खप्पर और महाकाली का विशेष पूजन संपन्न हुआ। कन्हैया यादव के निवास के सामने विशाल भंडारे में भक्तों को भोजन कराया गया, जबकि धोबीघाट में क्षेत्रीय नागरिकों ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
सबने लिया माता का आशीर्वाद, की मंगल कामना
इस विशाल धार्मिक आयोजन में व्यवस्था संभालने और सम्मिलित होने के लिए कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। क्षेत्रीय विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी ने शोभायात्रा में शामिल होकर माता का आशीर्वाद लिया। उनके साथ पार्षद कृष्णा दास चौधरी, राजू पटेल, अटल उपाध्याय, अस्सू ठाकुर, सहदेव गुप्ता, सचिन उपाध्याय और नरेंद्र उपाध्याय भी व्यवस्थाओं में सक्रिय दिखे। साथ ही कन्हैया यादव, अभय उपाध्याय, नमन उपाध्याय, प्रशांत चौकसे, अनिल चौकसे, संतोष यादव, प्रशांत वैष्णव और चिंटू पाल ने हजारों भक्तों की भीड़ को नियंत्रित करने और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरी शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा और सेवा के पुख्ता इंतजाम रहे।

