जबलपुर. एमपी की वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री श्रीमती जमुना मरावी का शुक्रवार को आकस्मिक निधन हो गया. श्रीमती जमुना मरावी न केवल कांग्रेस की एक समर्पित कार्यकर्ता थीं बल्कि उन्होंने सिहोरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़कर अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ और जनसेवा का परिचय भी दिया था.
उनके निधन की खबर फैलते ही जिले के राजनीतिक गलियारों और क्षेत्र की जनता में शोक की लहर दौड़ गई है क्योंकि उन्होंने लंबे समय तक आदिवासी समाज और क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाकर अपनी एक अलग पहचान बनाई थी. जमुना मरावी के निधन को कांग्रेस के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है.
जानकारी के अनुसार उनकी अंतिम यात्रा और अंत्येष्टि शनिवार 28 मार्च 2026 को उनके पैतृक ग्राम टिकरिया सुपावारा कुण्डम में संपन्न की जाएगी. अंतिम संस्कार का समय सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया है जिसमें जिले के तमाम बड़े राजनेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जुटने की संभावना जताई जा रही है.
Tags
jabalpur
