जबलपुर। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाकोशल कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष पहल की शुरुआत की जा रही है। हेल्प द ब्लाइंड फाउंडेशन ट्रस्ट चेन्नई के सहयोग से संस्थान में एक अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब और स्किल डेवलपमेंट रिसोर्स सेंटर तैयार किया गया है। इस केंद्र का भव्य उद्घाटन 25 मार्च को दोपहर 2 बजे होगा। यह मध्य प्रदेश का पहला ऐसा महाविद्यालय बन गया है, जहां दिव्यांगजनों की शैक्षणिक और व्यावसायिक जरूरतों के लिए समर्पित एक पूर्ण रिसोर्स रूम स्थापित किया गया है।संस्थान के दिव्यांग प्रकोष्ठ प्रभारी प्रो. अरुण शुक्ल के अनुसार, इस केंद्र के माध्यम से विशेष रूप से दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को डिजिटल साक्षरता प्रदान की जाएगी। यहां कंप्यूटर लैब को नवीनतम उपकरणों और सहायक तकनीकों से सुसज्जित किया गया है, जो नेत्रहीन विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया को सुगम बनाएंगे। विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास और संचार कौशल पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम और वित्तीय सहायता
महाविद्यालय में एक नया 2 वर्षीय पाठ्यक्रम प्रारंभ हो रहा है, जिसमें कंप्यूटर स्किल्स, कम्युनिकेशन स्किल्स और मोबिलिटी ट्रेनिंग जैसे कोर्सेज शामिल हैं। इसके साथ ही विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी। संस्थान द्वारा चयनित छात्रों को लैपटॉप, स्कॉलरशिप और अन्य शैक्षणिक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को इतना कुशल बनाना है कि वे भविष्य में बेहतर प्लेसमेंट और स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें।
