
जबलपुर/कटनी. मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता का एक मामला सामने आया है। कटनी जिले में पदस्थ रक्षित निरीक्षक (आरआई) राहुल पाण्डेय ने बिना अनुमति थाईलैंड (फुकेत) की यात्रा की। मामले पर पुलिस मुख्यालय ने संज्ञान लिया है। विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) के अनुमोदन के बाद राहुल पाण्डेय के खिलाफ विभागीय जांच और दंडात्मक कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए गए हैं। यही नहीं डय़ूटी के दौरान वे बिना अवकाश के जबलपुर में समय व्यतीत करते रहे हैं.
विदेश यात्रा की अनुमति लेना जरूरी
विभागीय नियमों के अनुसार, किसी भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी को विदेश यात्रा पर जाने के लिए पुलिस मुख्यालय, भोपाल से लिखित अनुमति लेना अनिवार्य है। रक्षित निरीक्षक राहुल पाण्डेय ने नियम का उल्लंघन करते हुए सीधे फुकेत की यात्रा की। मामला सामने आया और विभाग ने स्पष्टीकरण मांगा, तो पाण्डेय ने दावा किया कि उन्होंने आवेदन के साथ दस्तावेज संलग्न किए थे। उनका कहना था कि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि यात्रा से पहले लिखित अनुमति का इंतजार करना अनिवार्य है।
ड्यूटी से 40 से 64 गायब रहते थे
रक्षित निरीक्षक की मुश्किलें केवल विदेश यात्रा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके खिलाफ पुराने मामले भी सामने आए हैं। समाजसेवी इंद्र मिश्रा की शिकायत पर तत्कालीन नगर पुलिस अधीक्षक ख्याति मिश्रा ने 24 मई 2024 को एक गोपनीय जांच रिपोर्ट सौंपी थी। इसमें प्रमाणित हुआ था कि राहुल पाण्डे बिना किसी सूचना के बार-बार जिला मुख्यालय छोड़कर जबलपुर और होशंगाबाद में समय बिता रहे थे।