जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध के बाद शादी से मुकरने का एक मामला सामने आया है। यहां एक युवक को अपनी प्रेमिका के साथ की गई वादाखिलाफी भारी पड़ गई। पुलिस की सख्ती और कानूनी कार्रवाई के डर से आखिरकार युवक को मंदिर में विवाह की रस्म अदा करनी पड़ी। घटनाक्रम के अनुसार रंजीत कुशवाहा नामक युवक का शालिनी ठाकुर के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच विवाह को लेकर सहमति भी थी। हालांकि कुछ समय बाद रंजीत के व्यवहार में बदलाव आने लगा और उसने शादी की बात को नजरअंदाज करना शुरू कर दिया। जब शालिनी ने शादी का दबाव बनाया तो वह बहानेबाजी करने लगा और अंततः उसने रिश्ते को निभाने से स्पष्ट मना कर दिया।
पुलिस की निगरानी में हुए फेरे
धोखाधड़ी का अहसास होने पर शालिनी ठाकुर ने हिम्मत दिखाई और खमरिया थाना पहुंचकर रंजीत के विरुद्ध शिकायत दर्ज करा दी। युवती ने पुलिस को जानकारी दी कि युवक ने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ संबंध स्थापित किए और अब अपने वादे से पीछे हट रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवक पर दबाव बनाया। एफआईआर और जेल जाने के डर से रंजीत कुशवाहा के तेवर ढीले पड़ गए और उसने तत्काल शादी के लिए अपनी स्वीकृति दे दी। इसके बाद पुलिस की निगरानी में दोनों पक्षों की मौजूदगी में मंदिर में विवाह संपन्न कराया गया। दोनों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया।
