khabar abhi tak

जबलपुर:कालाबाजारी रोकने शुरु हुआ पुस्तक मेला,81 स्टॉल पर मिल रही रियायत

जबलपुरसंस्कारधानी के ऐतिहासिक गोल बाजार स्थित शहीद स्मारक परिसर में आज से तृतीय पुस्तक मेला 2026 का विधिवत आगाज़ हो गया है। 12 दिवसीय इस आयोजन का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू भैया और विशिष्ट अतिथि विधायक अभिलाष पाण्डे द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा विभाग भोपाल के उपाध्यक्ष श्रीनिवास राव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत करने के बाद मंच से मेले की गतिविधियों की औपचारिक घोषणा की गई। यह मेला आगामी 5 अप्रैल तक निरंतर संचालित रहेगा, जिसमें शहर के नागरिकों और छात्र-छात्राओं के लिए शिक्षा से संबंधित व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

​अभिभावकों को राहत देने के लिए 50 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान


जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने मेले का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस आयोजन की संकल्पना वर्ष 2024 में अभिभावकों की उन शिकायतों के बाद की गई थी, जिनमें बाजार में पाठ्य सामग्री की ऊंची दरों का जिक्र था। जबलपुर की इस पहल की सफलता को देखते हुए मध्य प्रदेश शासन ने इसे प्रदेश के हर जिले में अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश दिए थे। इस वर्ष मेले का स्वरूप और अधिक व्यापक किया गया है, जिसके अंतर्गत कुल 81 स्टॉल्स लगाए गए हैं। यहां पाठ्य-पुस्तकों, कॉपियों और स्कूल यूनिफॉर्म पर 50 प्रतिशत तक की विशेष छूट दी जा रही है। इसके अतिरिक्त मेले में पुरानी पुस्तकें दान करने के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। पिछले वर्ष इस दान प्रक्रिया के माध्यम से लगभग 2500 जरूरतमंद छात्रों को निःशुल्क किताबें उपलब्ध कराई गई थीं।

​सरकारी स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड और मेधावी छात्रों को हवाई यात्रा की सौगात

​विधायक अभिलाष पाण्डे ने अपने संबोधन में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने हेतु उत्तर मध्य विधानसभा में लागू किए जा रहे 5S कॉन्सेप्ट की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के प्रत्येक शासकीय विद्यालय में स्मार्ट बोर्ड लगाने की प्रक्रिया जारी है, ताकि छात्र आधुनिक तकनीक से जुड़ सकें। वहीं महापौर जगत बहादुर सिंह ने नगर निगम के स्कूलों में संचालित महापौर गुरुकुल योजना का विवरण साझा किया, जिसके तहत विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग प्रदान की जा रही है। महापौर ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि निगम स्कूलों के टॉपर बच्चों को शासन के व्यय पर हवाई यात्रा कराई जाती है और उन्हें उच्च स्तरीय फाइव स्टार होटलों में ठहराया जाता है। 

​सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में बच्चों ने लूटी वाहवाही

​उद्घाटन समारोह के दौरान संभागीय बालभवन, स्वरंजलि एकेडमी और माउंट लिट्रा जी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, कथक तराना और श्रीराम भजनों की प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पश्चात अतिथियों ने विभिन्न स्टॉल्स का भ्रमण कर उपलब्ध कराई जा रही सामग्रियों और दरों का निरीक्षण किया। आयोजक समिति ने जबलपुर के नागरिकों से अपील की है कि वे 5 अप्रैल तक चलने वाले इस ज्ञानोत्सव में सपरिवार पहुंचकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और रियायती दरों पर उपलब्ध शैक्षिक सामग्री का लाभ उठाएं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak