जबलपुर। एमपी के जबलपुर जिले के बरगी थाना क्षेत्र के नागपुर रोड स्थित मानेगांव में बने फनिंगो एडवेंचर एरिना में भीषण आग लग गई। आग शॉर्ट सर्किट के चलते लगना बताया जा रहा है। अग्नि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
दमकल कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का कार्य शुरू किया और कुछ समय में आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है। घटना के समय पार्क में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
उल्लेखनीय है कि यह पार्क शहर का प्रमुख मनोरंजन स्थल है, जहां विभिन्न एडवेंचर गतिविधियां संचालित होती हैं। फिलहाल इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
