सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के रामपुर बाघेलान क्षेत्र अंतर्गत खारी गांव से एक बेहद चिंताजनक और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां भोजन में अनजाने में हुई एक छोटी सी चूक पूरे परिवार पर भारी पड़ गई। सब्जी में छिपकली गिरने के बाद उसे खाने से एक ही परिवार के 6 लोग बीमार हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालत में सुधार हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे परिवार के सदस्यों ने घर में बनी सब्जी और रोटी खाई। इसी दौरान संदेह हुआ कि सब्जी में छिपकली गिर गई थी, लेकिन तब तक सभी लोग भोजन कर चुके थे। कुछ ही देर बाद संध्या रजक, सुमित्रा रजक, अमित रजक, अंकिता रजक सहित दो अन्य की तबीयत बिगडऩे लगी।
परिजनों ने तुरंत सभी को रामपुर बाघेलान अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया। फिलहाल सभी का इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार मरीजों की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
परिवार के सदस्य कमलेश रजक ने बताया कि सुबह सभी ने सामान्य रूप से खाना खाया था, लेकिन खाने के दौरान ही छिपकली गिरने की बात सामने आई, जिसके बाद एक-एक कर सभी की तबीयत बिगड़ती चली गई।
