जबलपुर। हनुमानताल क्षेत्र में बुधवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। दमोह नाका से हनुमानताल की ओर जा रहा एक ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर तालाब में उतर गया। बताया जा रहा है कि रिक्शा चालक शराब के नशे में था जिसके कारण उसने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। रिक्शा में महिलाओं सहित कई सवारियां मौजूद थीं जिनकी जान पर संकट आ गया था।
तालाब के किनारे पत्थर से रुका ई-रिक्शा
जैसे ही ई-रिक्शा तालाब के किनारे पहुंचा उसका अगला पहिया वहां पड़े एक बड़े पत्थर में फंस गया। इस पत्थर की वजह से वाहन गहराई में जाने से रुक गया और पानी के किनारे ही अटक गया। यदि पहिया पत्थर में नहीं फंसता तो रिक्शा सीधे गहरे पानी में समा जाता जिससे भीतर बैठी 4 से 5 सवारियों की जान को बड़ा खतरा हो सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक की लापरवाही के कारण ही यह स्थिति निर्मित हुई।
नागरिकों ने सुरक्षित निकाली गईं सवारियां
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए रिक्शा में फंसी सभी सवारियों को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद लकड़ी और अन्य साधनों के सहारे सामूहिक प्रयास से ई-रिक्शा को जलाशय से बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित अपने गंतव्य को रवाना हो गए। हालांकि पुलिस की ओर से चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि अभी शेष है। स्थानीय लोगों ने भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए किनारे पर रैलिंग लगाने की मांग की है।
