khabar abhi tak

जीतो क्रिकेट लीग-3: श्री विजय वॉरियर्स ने फिर लहराया जीत का परचम, अवि जैन बने मैन ऑफ द सीरीज



जबलपुर। शहर के स्टेम फील्ड स्कूल ग्राउंड पर आयोजित जीतो क्रिकेट लीग के तीसरे संस्करण का समापन श्री विजय वॉरियर्स की खिताबी जीत के साथ हुआ। टूर्नामेंट के अंतिम मुकाबले में श्री विजय वॉरियर्स ने होम एस्थेटिक्स रॉयल्स को पराजित कर दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। दूधिया रोशनी में आयोजित इस चार दिवसीय खेल उत्सव में 8 से अधिक टीमों और 80 से ज्यादा खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान शहर के खेल प्रेमियों की भारी उपस्थिति दर्ज की गई।

रोमांचक मैचों ने बढ़ाया उत्साह


प्रतियोगिता के अंतिम दिन सेमीफाइनल मुकाबलों में कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले सेमीफाइनल मैच में होम एस्थेटिक्स रॉयल्स ने सनी टेक्सटाइल सुपर किंग्स को हराकर फाइनल का टिकट कटाया। दूसरा सेमीफाइनल श्री विजय वॉरियर्स और समृद्धि स्मैशर्स के बीच हुआ जो बेहद संघर्षपूर्ण रहा। इस मैच का परिणाम सुपर ओवर के जरिए निकला, जिसमें श्री विजय वॉरियर्स ने 2 रन से जीत हासिल की। इसके पश्चात रात 10:30 बजे फाइनल मुकाबला शुरू हुआ। 10-10 ओवर के इस निर्णायक मैच में होम एस्थेटिक्स रॉयल्स ने पहले बैटिंग करते हुए 71 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी श्री विजय वॉरियर्स की टीम ने आक्रामक रुख अपनाते हुए मात्र 7 ओवर में ही लक्ष्य प्राप्त कर लिया और 6 विकेट से जीत दर्ज की।

उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिले पुरस्कार

​लीग के समापन समारोह में उत्तर मध्य विधानसभा के विधायक अभिलाष पांडे, भाजपा कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन और भाजपा नेता सुधांशु गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ जीतो एमपीसी जोन के पूर्व अध्यक्ष सुबोध जैन, सेक्रेटरी संजीव चौधरी, जबलपुर जीतो चैप्टर के अध्यक्ष राहुल बड़कुल और युवा विंग के अध्यक्ष मयंक सिंघई भी मौजूद रहे। टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया जिसमें होम एस्थेटिक्स के अवि जैन को मैन ऑफ द सीरीज और बेस्ट बैट्समैन का खिताब मिला। वहीं श्री विजय वॉरियर्स के अनुज जैन को बेस्ट बॉलर के रूप में चुना गया। विजेता टीम को अतिथियों ने ट्रॉफी और विशेष उपहार भेंट किए।

आयोजन समिति ने जताया आभार

​इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में श्री महावीर गोल्डन डायमंड और ओरे क्लब ने प्रमुख पार्टनर के रूप में भूमिका निभाई। आयोजन समिति के सदस्य हर्ष सिंघई, समीर गढ़वाल और हर्षवर्धन चौधरी ने कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी सहयोगियों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। समापन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं को अपनी खेल क्षमता दिखाने का मंच मिलता है और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय देखने को मिला और अंत में पुरस्कार वितरण के साथ इस तीसरे सीजन का आधिकारिक समापन हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak