जबलपुर. घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की बुकिंग को लेकर एक बार फिर बड़ा बदलाव किया गया है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 25 दिन की बुकिंग को बढ़ाकर अब 35 दिन कर दिया है। हालांकि सिंगल सिलेंडर वालों के लिए बुकिंग की अवधि फिलहाल 25 दिन ही रहेगी। एलपीजी डीलर्स एसोसिएशन की प्रदेश इकाई के अनुसार, नए नियमों से जुड़े आदेश को तत्काल प्रभाव से प्रदेश भर में लागू कर दिया गया है।
नए आदेश के तहत अब जिनके यहां दो एलपीजी सिलेंडर हैं, उन्हें 35 दिन बाद गैस सिलेंडर की बुकिंग दी जाएगी। इसके अलावा, उज्जवला योजना वाले उपभोक्ताओं की 45 दिन बाद बुकिंग स्वीकार की जाएगी। इसी तरह 10 किलो वाला कम्पोजिट घरेलू सिलेंडर की बुकिंग 18 दिन बाद की जाएगी। कॉमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति शासन के आदेशानुसार सिर्फ आपात सेवाओं और शिक्षण संस्थानों के लिए की जा रही है। इस संबंध में एलपीजी डीलर्स एसोसिएशन मध्य प्रदेश इकाई की ओर से आर.के गुप्ता ने बताया कि, नए नियमों को तत्काल लागू कर दिया गया है। उन्होंने ये भी बताया कि, सभी एजेंसियों को ये सूचना पहुंचाई जा चुकी है।
बुकिंग के ये है नए नियम
नए नियमों के तहत, 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी और अगली रिफिल बुकिंग के बीच का अंतराल अब 25 दिन से बढ़ाकर 35 दिन कर दिया गया है। यानी अब डबल सिलेंडर वाले उपभोक्ताओं को अगली बुकिंग के लिए पहले से 10 दिन ज्यादा इंतजार करना होगा।
पिछली डिलीवरी की तारीख से तय होगी समय सीमा
खास बात ये है कि, ये समय सीमा पिछली डिलीवरी की तारीख से गिनी जाएगी, न कि बुकिंग की तारीख से। अगर कोई उपभोक्ता तय समय से पहले बुकिंग करने की कोशिश करता है तो सिस्टम आटोमेटिक ही उसकी बुकिंग ब्लॉक कर देगा।
शहरी उपभोक्ताओं पर पड़ेगा ज्यादा असर
नया बदलाव खासकर शहरी इलाकों में रहने वाले उन उपभोक्ता परिवारों को प्रभावित करेगा, जिनके पास डबल सिलेंडर कनेक्शन है। पहले जहां गैस की उपलब्धता आसान थी, अब उन्हें नई बुकिंग के लिए 35 दिन इंतजार करना पड़ेगा।
छोटे सिलेंडरों के लिए भी बदले नियम
सिर्फ 14.2 किलो सिलेंडर ही नहीं, बल्कि छोटे सिलेंडरों के लिए भी नई समय सीमा लागू की गई है। 5 किलो के सिलेंडर के लिए 9 से 16 दिन और 10 किलो सिलेंडर के लिए 18 से 32 दिन निर्धारित किए गए हैं।
ग्राहकों के लिए जरूरी निर्देश
-बुकिंग की पात्रता हमेशा पिछली डिलीवरी की तारीख से तय की जाएगी।
-तय समय से पहले बुकिंग करने पर रिक्वेस्ट आटोमेटिक रिजेक्ट हो जाएगी।
-किसी भी समस्या के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-2333-555 पर संपर्क किया जा सकता है।
पहले भी बढ़ चुका है बुकिंग का समय
आपको बता दें की इसी महीने की शुरुआत में सरकार ने शहरी क्षेत्रों में एलपीजी बुकिंग का गैप 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन किया था। अब इसे और बढ़ाकर 35 दिन कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, इन बदलावों का उद्देश्य गैस की खपत को नियंत्रित करना और सप्लाई सिस्टम को बेहतर बनाना है।
