जबलपुर. रेलवे के रनिंग कर्मचारियों के किलोमीटर अलाउंस में 25 प्रतिशत बढ़ोतरी पर मंजूरी की मुहर लग गई. 50 प्रतिशत डीए वृद्धि के साथ अब बढ़े हुए किलोमीटर अलाउंस का भी लाभ मिलेगा. रेलकर्मियों की बहुप्रतीक्षित मांग को वित्त मंत्रालय की मंजूरी के बाद आज शुक्रवार 20 मार्च को रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है.
एआईआरएफ के सहायक महामंत्री व डबलूसीआरईयू के महामंत्री कामरेड मुकेश गालव ने बताया कि फेडरेशन के राष्ट्रीय महामंत्री का. शिवगोपाल मिश्रा की ओर से रेलवे बोर्ड में आयोजित जेसीएम में ही रनिंग कर्मचारियों के किलोमीटर अलाउंस के मुद्दे को पूरे जोर-शोर से उठाया गया था. जिससे डीए में 50 प्रतिशत वृद्धि के आधार पर किलोमीटर अलाउंस में 25 फीसद की बढ़ोतरी को लेकर चल रहा प्रयास रंग लाया. रेल मंत्रालय ने वित्त मंत्रालय से स्वीकृति मिलने के बाद 20 मार्च को किमी भत्ते का आदेश जारी कर दिया है.
एक जनवरी 2024 से प्रभावी होगा भत्ता, मिलेगा एरियर्स
बढ़ा हुआ किलोमीटर अलाउंस एक जनवरी 2024 से प्रभावी होगा. रेलवे बोर्ड से आदेश जारी होने के पश्चात कर्मचारियों की प्रतीक्षा समाप्त हो गई है.. कामरेड मुकेश गालव ने बताया कि 50 प्रतिशत डीए बढ़ोतरी के साथ ही रनिंग कर्मचारियों के किलोमीटर अलाउंस में 25 प्रतिशत बढ़ोतरी सुनिश्चित हो गई है. इससे देशभर के रनिंग व लोको स्टाफ लाभान्वित होंगे.


