khabar abhi tak

14 करोड़ के काम और विकास का 'रोडमैप': मंत्री राकेश सिंह ने दी जबलपुर को दी सौगात


जबलपुर। मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने शनिवार को जबलपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों का दौरा कर विकास कार्यों को नई गति प्रदान की। इस दौरान उन्होंने लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण संपन्न किया। मंत्री सिंह ने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में क्षेत्रीय नागरिकों को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विकास की यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी और आने वाले समय में इसकी रफ्तार और अधिक तेज की जाएगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की जनता की प्रत्येक आवश्यकता को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है और कई ऐसे कार्य भी कराए जा रहे हैं जिनकी मांग भी नहीं की गई थी।

नर्मदा तट का कायाकल्प और चिकित्सा अधोसंरचना का विस्तार


क्षेत्रीय विकास की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए लोक निर्माण मंत्री ने मां नर्मदा के तट ग्वारीघाट के सौंदर्यीकरण की योजना साझा की। उन्होंने बताया कि अयोध्या में सरयू तट की तर्ज पर ग्वारीघाट में भव्य और सुंदर घाटों का निर्माण किया जाएगा। लगभग 500 करोड़ रुपये की इस महात्वाकांक्षी परियोजना का भूमिपूजन आगामी दो से तीन माह के भीतर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया जाएगा। स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में उन्होंने मांडवा बस्ती में नवनिर्मित 100 बिस्तरों वाले सर्वसुविधा युक्त अस्पताल का उल्लेख किया। यह अस्पताल बनकर पूरी तरह तैयार है और शीघ्र ही मुख्यमंत्री इसका लोकार्पण कर जनता को समर्पित करेंगे। इसके अतिरिक्त यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए क्षेत्र में तीन नए फ्लाईओवर स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें सगड़ा फ्लाईओवर का काम शुरू हो चुका है और साईं मंदिर से आदि शंकराचार्य चौक तक बनने वाले फ्लाईओवर का भूमिपूजन भी जल्द होगा।

धार्मिक स्थलों का सम्मान और पेयजल परियोजनाओं की आधारशिला

​मंत्री राकेश सिंह ने अपने प्रवास की शुरुआत गोरखपुर गुरुद्वारे के समीप 10 लाख 30 हजार रुपये की लागत से निर्मित खंडा साहब और गुरु तेग बहादुर मार्ग के लोकार्पण के साथ की। उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर क्षेत्र की खुशहाली की प्रार्थना की। इस अवसर पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू भी उपस्थित रहे। पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अमृत 2.0 योजना के तहत सत्यानन्द विहार कॉलोनी में 67 लाख रुपये की लागत से 10 लाख लीटर क्षमता की पानी की टंकी का शिलान्यास किया गया। इसी योजना के अंतर्गत गुप्तेश्वर वार्ड में 77 लाख 57 हजार रुपये की लागत से बनने वाली 12 लाख 50 हजार लीटर क्षमता की पानी की टंकी का भूमिपूजन भी संपन्न हुआ। इसके साथ ही गुप्तेश्वर वार्ड में 59 लाख 70 हजार रुपये के भवन निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का लोकार्पण किया गया।

वार्डों में सड़क नेटवर्क और उद्यानों का सौंदर्यीकरण

​शहरी अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए सरदार वल्लभ भाई पटेल वार्ड की मांडवा बस्ती में 2 करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से 6 सड़कों का भूमिपूजन किया गया। शहीद गुलाब सिंह वार्ड के शंकरशाह नगर में 4 करोड़ 46 लाख रुपये से कराए गए मार्ग उन्नयन और नाली निर्माण कार्यों का लोकार्पण हुआ। इसी वार्ड में 52 लाख रुपये से आजाद पार्क के सौंदर्यीकरण का भूमिपूजन और 51 लाख 60 हजार रुपये से चंद्रशेखर आजाद उद्यान के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया गया। शक्तिनगर के पास 65 लाख रुपये के नाला एवं सड़क निर्माण की आधारशिला रखी गई। दानव बाबा कॉलोनी में 8 लाख 71 हजार रुपये की सड़क और साकार हिल्स में 23 लाख 43 हजार रुपये की नाली का लोकार्पण भी इस दौरान हुआ।

विभिन्न वार्डों में नागरिक सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण

​गिरिराज किशोर कपूर वार्ड में 12 लाख 78 हजार रुपये और 7 लाख रुपये की सीसी रोड के साथ 12 लाख 78 हजार रुपये के डामरीकरण कार्यों का लोकार्पण किया गया। बाबूराव परांजपे वार्ड की मिलन कॉलोनी में 7 लाख 37 हजार रुपये के डामरीकरण, 14 लाख 94 हजार रुपये के बाउंड्री वॉल एवं पेवर ब्लॉक कार्यों का लोकार्पण हुआ। इसी तरह सतनाम टावर से अखाड़ा तक 23 लाख 87 हजार रुपये और श्रद्धा सबुरी तक 12 लाख 78 हजार रुपये की सीसी रोड का उद्घाटन किया गया। ग्वारीघाट वार्ड में कालीमाई मंदिर से नर्सरी तक 10 लाख 48 हजार रुपये की सीसी रोड का लोकार्पण हुआ। इन कार्यक्रमों में भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, अभय सिंह ठाकुर, पंकज दुबे सहित स्थानीय पार्षद, मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak