जिला पंचायत सीईओ और नगर परिषद अध्यक्ष, बरेला की उपस्थिति में संपन्न हुआ शाला प्रवेश उत्सव
जबलपुर। विकासखंड जबलपुर अंतर्गत बरगी क्षेत्र की आंगनवाड़ियों से स्कूली शिक्षा की ओर कदम बढ़ाने वाले बच्चों के लिए सामुदायिक भवन बरेला में शाला प्रवेश उत्सव और विद्यारंभ कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर आंगनवाड़ी केंद्रों से औपचारिक शिक्षा की ओर प्रस्थान कर रहे 5 से 6 वर्ष की आयु के कुल 112 बच्चों और उनके अभिभावकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्री-स्कूल शिक्षा पूर्ण कर चुके बच्चों का उत्साहवर्धन करना और उन्हें प्राथमिक शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना था।
शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला गया
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और वंदना के साथ हुई। इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गेहलोत शामिल हुए। उनके साथ ही नगर परिषद बरेला के अध्यक्ष प्रतीक दुबे, परिषद के उपाध्यक्ष और विभिन्न वार्डों के पार्षद गणों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। अतिथियों का स्वागत पारंपरिक रूप से किया गया, जिसके बाद अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से बच्चों को प्रोत्साहित किया और अभिभावकों को शिक्षा के प्रति निरंतर जागरूक रहने की सलाह दी।
विद्यारंभ कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों द्वारा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा (ईसीसीई) के अंतर्गत तैयार की गई विभिन्न शिक्षण सामग्रियों का प्रदर्शन किया गया। इन सामग्रियों के माध्यम से यह दर्शाया गया कि खेल-खेल में बच्चे किस प्रकार बुनियादी कौशल सीख रहे हैं। कार्यक्रम में नन्हे बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। बच्चों की कलात्मक क्षमता और उनके द्वारा तैयार किए गए मॉडल्स की अतिथियों ने प्रशंसा की। यह सत्र बच्चों के रचनात्मक विकास को प्रदर्शित करने का एक सशक्त मंच साबित हुआ।

