जबलपुर। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने शैक्षणिक सत्र की 10वीं और 12वीं कक्षा की द्वितीय परीक्षा की समय सारणी आधिकारिक तौर पर जारी कर दी है। मंडल के इस निर्णय से उन छात्र-छात्राओं को विशेष लाभ मिलेगा जो मुख्य परीक्षा में सफल नहीं हो पाए या जिनके अंक उनकी अपेक्षा से कम रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश भर में ये परीक्षाएं 7 मई से प्रारंभ होंगी। इस वर्ष बोर्ड की मुख्य परीक्षाएं फरवरी माह में शुरू होकर 7 मार्च को संपन्न हुई थीं। परीक्षा के जल्दी समाप्त होने के कारण मूल्यांकन कार्य तेजी से जारी है। मंडल द्वारा मुख्य परीक्षा का परिणाम 25 अप्रैल के बाद किसी भी दिन घोषित किया जा सकता है। परिणाम आने के तुरंत बाद असफल विद्यार्थियों को द्वितीय परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदन का अवसर प्राप्त होगा।
12 वीं परीक्षा की समय सारिणी
मंडल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे के मध्य आयोजित की जाएंगी। 12वीं कक्षा के लिए 7 मई को बायोटेक्नोलॉजी, गायन वादन और तबला पखावज की परीक्षा होगी। इसके बाद 8 मई को हिंदी विषय का पेपर रखा गया है। 9 मई को रसायन शास्त्र, इतिहास, व्यवसाय अध्ययन, एलिमेंट ऑफ साइंस एंड मैथेमेटिक्स, ड्राइंग एवं पेंटिंग के साथ गृह प्रबंध पोषण व वस्त्र विज्ञान की परीक्षा होगी। 11 मई को एनएसक्यूएफ के समस्त विषयों के साथ शारीरिक शिक्षा और एआई की परीक्षा ली जाएगी। 12 मई को भौतिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, एनिमल हस्बैंडरी, विज्ञान के तत्व और भारतीय कला का इतिहास विषय की परीक्षा होगी। 13 मई को भूगोल, क्रॉप प्रोडक्शन एंड हॉर्टिकल्चर, स्टिल लाइफ एंड डिजाइन तथा विज्ञान एवं स्वास्थ्य के पेपर होंगे। 14 मई को कृषि, होम साइंस और एकाउंटेंसी की परीक्षा होगी। 15 मई को संस्कृत और 16 मई को अंग्रेजी विषय का पेपर होगा। 18 मई को बायोलॉजी, 19 मई को ड्राइंग एंड डिजाइन, 20 मई को समाजशास्त्र और 21 मई को गणित व मनोविज्ञान की परीक्षा होगी। 22 मई को इंफारमेटिक प्रैक्टिसेस, 23 मई को उर्दू व मराठी और अंतिम दिन 25 मई को राजनीति शास्त्र की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
हाईस्कूल परीक्षा का टाइम टेबल
10वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए भी परीक्षा का समय सुबह 9 से 12 बजे तक ही तय किया गया है। हाईस्कूल की समय सारणी के अनुसार 7 मई को हिंदी विषय की प्रथम परीक्षा होगी। 8 मई को मराठी, गुजराती, पंजाबी, सिंधी सहित चित्रकला, गायन वादन, तबला पखावज और कंप्यूटर के पेपर होंगे। 9 मई को उर्दू विषय की परीक्षा ली जाएगी। 11 मई को गणित के स्टैंडर्ड और बेसिक दोनों श्रेणियों के प्रश्न पत्र हल करने होंगे। 12 मई को एनएसक्यूएफ के विभिन्न विषयों की परीक्षा होगी। 13 मई को संस्कृत और 14 मई को सामाजिक विज्ञान का पेपर आयोजित किया जाएगा। 16 मई को विज्ञान विषय की परीक्षा होगी और 19 मई को अंग्रेजी विषय के पेपर के साथ हाईस्कूल की द्वितीय परीक्षा का समापन हो जाएगा। मंडल का लक्ष्य है कि द्वितीय परीक्षा के माध्यम से छात्रों को उसी सत्र में आगे की कक्षाओं में प्रवेश का मौका मिल सके। सभी केंद्रों पर परीक्षा के दौरान कड़े सुरक्षा प्रबंध और नियमों का पालन अनिवार्य किया गया है।
