अजय गुप्ता बने पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के नए एमडी




एमपी में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी, देर रात 11 आईएएस और 4 एसएएस अधिकारियों के तबादले

जबलपुर। मध्य प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक सर्जरी करते हुए कई महत्वपूर्ण विभागों के मुखिया बदल दिए हैं। अजय गुप्ता (2009 बैच) को कृषि विभाग से हटाकर पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, जबलपुर का प्रबंध संचालक (एमडी) नियुक्त किया गया है। वहीं, उमाशंकर भार्गव की राजभवन से विदाई हो गई है, उन्हें अब किसान कल्याण एवं कृषि विकास का नया संचालक बनाया गया है। इसके अलावा, राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी राकेश शर्मा को मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में मुख्य महाप्रबंधक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

स्वास्थ्य और जनसंपर्क विभाग की नई कमान 

​शुक्रवार देर रात जारी हुई सूची में स्वास्थ्य और जनसंपर्क विभाग में भी बड़े फेरबदल दिखे। अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल अब प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि संदीप यादव को उनकी जगह पदस्थ किया गया है। मनीष सिंह को एक बार फिर जनसंपर्क विभाग का आयुक्त बनाया गया है, साथ ही उनके पास परिवहन सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। आबकारी विभाग में भी बदलाव हुआ है; दीपक सक्सेना को नया आबकारी आयुक्त नियुक्त किया गया है, जबकि इस पद पर दो साल से कार्यरत अभिजीत अग्रवाल को अब राज्य सहकारी विपणन संघ का प्रबंध संचालक बनाया गया है।

सीईओ के भी तबादले हुए

भिंड जिला पंचायत में सीईओ सुनील दुबे को राज्यपाल का उप सचिव बनाया गया है। उच्च शिक्षा विभाग में उप सचिव संघमित्रा गौतम को आलीराजपुर जिला पंचायत का सीईओ पदस्थ किया गया है। इसी तरह आगर मालवा जिला पंचायत सीईओ नंदा भलावे कुशरे को राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान में अपर परियोजना संचालक बनाया है। इसके अलावा स्कूल शिक्षा विभाग में उप-सचिव कमल सोलंकी को राससेन जिला पंचायत का सीईओ बनाया गया है। देर रात जारी हुई लिस्ट में चार राज्य प्रशानिक अधिकारियों के ट्रांसफर भी किए गए हैं। भुरला सिंह सोलंकी को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आगर मालवा, मिलिंद कुमार नागदेवे को जिला पंचायत खरगोन वीर सिंह चौहान को जिला पंचायत भिंड में पदस्थ किया है।


Post a Comment

Previous Post Next Post