khabar abhi tak

रांझी हत्याकांड:सीसीटीवी फुटेज और बाइक नंबर से सुलझी 'अंधी हत्या' की गुत्थी


फर्नीचर व्यापारी की हत्या का खुलासा, मुख्य आरोपी समेत 4 गिरफ्तार

जबलपुर। रांझी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज एकांश साहू हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। 8 फरवरी की रात मामूली विवाद के बाद इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि 8 फरवरी की रात करीब 11 बजे गोकलपुर में मृतक एकांश साहू की क्रेटा कार से आरोपी शिवम बाजपेयी की मोटर साइकिल का एक्सीडेंट हो गया था। इस छोटी सी बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि शिवम ने फोन कर अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। सभी ने मिलकर एकांश के साथ मारपीट शुरू कर दी और इसी दौरान चाकू से सीने पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।

CCTV और बाइक नंबर से खुला राज

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर विशेष टीमें गठित की गई थीं। टीम ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें काले रंग की स्प्लेंडर बाइक (MP 20 KM 0511) संदिग्ध नजर आई। वाहन स्वामी से पूछताछ के बाद पुलिस शिवम बाजपेयी तक पहुंची, जिसे विजय नगर से हिरासत में लिया गया। शिवम की निशानदेही पर पुलिस ने सुधीर चौधरी, अंकित चौरसिया और सुमित चौधरी को भी दबोच लिया।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पकड़े गए आरोपियों ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि हमले में कमलेश महोबिया, जय बेन, छोटू ठाकुर और एक अन्य साथी भी शामिल थे। इन चारों आरोपियों ने ही हमले को अंजाम देने में सक्रिय भूमिका निभाई थी और फिलहाल वे पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाने में रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी और उनकी टीम के साथ क्राइम ब्रांच का विशेष योगदान रहा। टीम ने मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की घेराबंदी की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और बातचीत में इस्तेमाल किए गए 4 मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak