जेनको: पांच मुख्य अभियंताओं को मिले कार्यपालक निदेशक के प्रशासनिक व वित्तीय अधिकार


जबलपुर।
मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी द्वारा प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पांच मुख्य अभियंताओं को कार्यपालक निदेशक के अधिकार सौंपे गए हैं। कंपनी मुख्यालय, शक्ति भवन से जारी आदेशानुसार इन वरिष्ठ अधिकारियों को उनके वर्तमान प्रभार के साथ-साथ वित्तीय और प्रशासनिक शक्तियां भी प्रदान की गई हैं।

 नई जिम्मेदारियों का आवंटन और पदभार

​जारी आदेश के तहत मुख्य अभियंता (ईंधन प्रबंधन) हेमंत कुमार संकुले को कार्यपालक निदेशक (ईंधन प्रबंधन) बनाया गया है। दीपक कश्यप को मुख्यालय में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) तथा अभिषेक जैन को कार्यपालक निदेशक (संचालन एवं संधारण: उत्पादन) का दायित्व सौंपा गया है। इसके अतिरिक्त, चचाई ताप विद्युत गृह के मुख्य अभियंता तनवीर अहमद और बिरसिंगपुर के मुख्य अभियंता एच.के. त्रिपाठी को भी उनके संबंधित क्षेत्रों में कार्यपालक निदेशक (उत्पादन) का प्रभार दिया गया है।

वरिष्ठता और उत्कृष्ट कार्य रिकॉर्ड बना आधार

​इन अधिकारियों को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उनकी वरिष्ठता, प्रशासनिक दक्षता और उत्कृष्ट कार्यनिष्पादन के आधार पर दी गई है। ये सभी अभियंता पूर्ववर्ती मध्यप्रदेश राज्य विद्युत मंडल और वर्तमान पावर जनरेटिंग कंपनी में तीन दशकों से भी अधिक समय से सेवाएं दे रहे हैं। जमीनी स्तर से लेकर प्रबंधन तक के विभिन्न विभागों में कार्य करने का उनका लंबा अनुभव कंपनी की प्रगति में सहायक रहा है।

 सुशासन और उत्पादन क्षमता में वृद्धि की उम्मीद

​कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने सभी अधिकारियों को नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन वरिष्ठ अभियंताओं को सशक्त करने से कंपनी के विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली अधिक सुदृढ़ होगी। प्रबंधन का मानना है कि इस निर्णय से बिजली उत्पादन, तकनीकी दक्षता और सुशासन के मानकों में निरंतर सुधार सुनिश्चित होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post