khabar abhi tak

रेल कर्मचारियों और पेंशनर्स को रेलवे ने किया एलर्ट, कहा- अफसरों के नाम पर आ रहे फर्जी कॉल, सतर्क रहें

जबलपुर। रेल प्रशासन ने कर्मचारियों और पेंशनर्स को सतर्क रहने की अपील की है। हाल ही में यह मामला सामने आया है कि कुछ लोग रेल अधिकारियों के नाम से फर्जी फोन कॉल कर रहे हैं। खासकर सेवानिवृत्त और जल्द सेवानिवृत्त होने वाले रेल कर्मचारियों को निशाना बनाया जा रहा है।

कॉल करने वाले व्यक्ति बैंक खाता नंबर, एटीएम डिटेल, ओटीपी, पिन और अन्य निजी जानकारी मांग रहे हैं। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कोई भी अधिकारी या विभाग फोन पर बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी, ओटीपी, पिन या पासवर्ड नहीं मांगता।

व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा न करें

यदि किसी कर्मचारी या पेंशनर को इस प्रकार का कॉल प्राप्त होता है तो वह अपनी कोई भी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा न करें। ऐसे कॉल पूरी तरह धोखाधड़ी का हिस्सा हो सकते हैं।

रेलवे ने दी यह चेतावनी, कहा- सतर्क रहें

अधिकारियों ने सलाह दी है कि यदि किसी कॉल के माध्यम से किसी प्रकार की जानकारी मांगी जाए तो उसकी पुष्टि संबंधित कार्यालय या बैंक शाखा में व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर ही करें। केवल फोन पर मिली जानकारी के आधार पर किसी भी प्रकार की बैंक डिटेल साझा करना नुकसानदायक हो सकता है।

इनका कहना...

- लगातार रिटायर कर्मचारियों के साथ-साथ कार्यरत कर्मचारियों से प्रलोभन या डरा-धमकाकर उनके एकाउंट नंबर प्राप्त कर फ्राड करने का प्रयास करते हैं, जिसमें वे काफी हद तक सफल भी हो रहे हैं. आल इंडिया रेलवे रिटायर फेडरेशन ने इस संबंध में पूर्व में एक सेमीनार का आयोजन किया था, जिसमें पुलिस-रेलवे के साइबर स्पेशलिस्ट ने साइबर क्राइम से बचाव के तरीके बताये हैं. आगे भी एसोसिएशन कर्मचारियों को जागरुक करने का प्रयास करती रहेगी. लेकिन कर्मचारियों, रिटायर मैन को स्वयं भी सतर्क रहना होगा, तभी बचाव हो सकेगा.

- नवीन लिटोरिया, महामंत्री, आल इंडिया रेलवे रिटायर एम्पलाइज फेडरेशन, पमरे, जबलपुर.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak