पमरे जबलपुर की हॉकी टीम नॉकआउट राउंड में पहुंची, जीएम मैडम ने कहा 'वेलडन'


जबलपुर।
रांची में आयोजित 83वीं अखिल भारतीय अंतर रेलवे हॉकी प्रतियोगिता में पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) जबलपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने अपने बेहतरीन खेल के दम पर प्रतियोगिता के नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की कर ली है।पमरे की टीम ने अपने पहले मैच में उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज को 4–2 से हराया। इस मैच में परमीत ने हैट्रिक गोल किए, जबकि एक गोल आकाश पाल ने किया। हालांकि, दूसरे मैच में टीम को कोलकाता से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन तीसरे मैच में पमरे ने जबरदस्त वापसी की। टीम ने जयपुर के खिलाफ एकतरफा मुकाबला खेलते हुए 21–2 के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। इस मैच में मोहित ने 5 और मो. शादिक ने 4 गोल दागे। इसके बाद क्वालीफाइंग मुकाबले में गोरखपुर को 1–0 से हराकर जबलपुर की टीम ने नॉकआउट राउंड में प्रवेश किया। निर्णायक गोल मो. ताज ने किया।

​टीम को अधिकारियों ने दी बधाईयां

​इस सफलता पर पमरे की महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय, मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा और अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारियों ने टीम को अपनी शुभकामनाएं दी हैं। टीम के कोच मेराजुद्दीन और मैनेजर मो. आरिफ के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने मैदान पर उत्कृष्ट तालमेल दिखाया। टीम में सावन रामचन्द्रन, परमीत, रिंकू यादव, नवदीप सिंह और मो. ताज सहित अन्य खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। रेल परिवार के सदस्यों ने उम्मीद जताई है कि टीम आगे भी इसी तरह का प्रदर्शन जारी रखेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post