
जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, जबलपुर मंडल के तत्वावधान में सतपुड़ा क्लब, जबलपुर में एक गरिमामय समारोह का आयोजन कर चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। यह (आरडबलूडबलूसीओ) एवं पश्चिम मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन, जबलपुर के निर्देशानुसार जबलपुर मंडल के अंतर्गत जबलपुर एवं कटनी में कार्यरत अराजपत्रित रेल कर्मचारियों के बच्चों के सितम्बर 25 में आयोजित की गई थी।
उल्लेखनीय है कि चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन गत 14 सितम्बर 25 एवं 21 सितम्बर 25 को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का परिणाम 26 सितम्बर 25 को घोषित किया गया। प्रतियोगिताओं को तीन-तीन आयु वर्ग (ग्रुप) में विभाजित किया गया था तथा प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ-साथ दो सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। जिसका पुरस्कार वितरण गत दिवस किया गया.
पश्चिम मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, जबलपुर मंडल की अध्यक्षा श्रीमती पूनम खत्री तलरेजा के नेतृत्व में आयोजित सम्मान समारोह में कुल 30 विजेता बच्चों को प्रशस्ति-पत्र एवं आकर्षक उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई तथा उनके आत्मविश्वास एवं सृजनात्मक क्षमता को और अधिक प्रोत्साहित किया गया।
समारोह में महिला कल्याण संगठन, जबलपुर मंडल की उपाध्यक्षा श्रीमती आभारानी आनंद एवं डॉ. सुनीता टेलर, स्कूल इंचार्ज मरियम मुन्नवर खान, सचिव श्रीमती निकिता सिन्हा, कोषाध्यक्ष श्रीमती चन्द्रिका गुप्ता सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के सर्वांगीण विकास में इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के महत्व पर प्रकाश डाला।