जबलपुर: धनवंतरी नगर में अतिक्रमण हटाने पहुंचे निगम अधिकारी की गुंडागर्दी, युवक को दी 'काट डालने' की धमकी


जबलपुर।
शहर के धनवंतरी नगर चौराहे पर नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई उस समय विवादों में घिर गई, जब विभाग के एक अधिकारी का युवक के साथ बदसलूकी करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस घटना ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली और अधिकारियों के व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में नगर निगम के अतिक्रमण विभाग में पदस्थ अधिकारी ब्रिज तिवारी एक स्थानीय युवक के साथ उग्र व्यवहार करते नजर आ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि अधिकारी ने अपना आपा खो दिया और युवक की कॉलर पकड़कर उसे सरेराह झंझोरने लगे। वीडियो में अधिकारी को यह कहते सुना जा सकता है कि जानता नहीं मैं नगर निगम से हूं। हैरानी की बात यह है कि विवाद के दौरान अधिकारी ने युवक को कथित तौर पर काट डालने जैसी गंभीर धमकी भी दी। मौके पर मौजूद नागरिकों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जिसके बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। नागरिकों का कहना है कि यदि यही व्यवहार किसी आम व्यक्ति ने सरकारी कर्मचारी के साथ किया होता, तो अब तक उस पर मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया होता।

सत्ता के संरक्षण में बेलगाम अधिकारी: कांग्रेस ने साधा निशाना

​इस मामले के तूल पकड़ते ही राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। कांग्रेस नेता अभिषेक पाठक ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए भाजपा सरकार और प्रशासन को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में अधिकारी जनता के सेवक नहीं बल्कि गुंडे बन गए हैं। एक तरफ लोगों का रोजगार छीना जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पाठक ने जिला प्रशासन और निगम कमिश्नर से मांग की है कि दोषी अधिकारी के खिलाफ तत्काल निलंबन की कार्रवाई की जाए। फिलहाल, इस पूरे प्रकरण पर नगर निगम का आधिकारिक पक्ष आना अभी बाकी है, लेकिन जनता के बीच इस वीडियो को लेकर गहरी नाराजगी देखी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post