khabar abhi tak

भाईदूज पर स्थानीय अवकाश, लेकिन 5 मार्च को होंगी 9वीं, 11वीं और 12वीं की परीक्षाएं, छात्र और अभिभावक परेशान


जबलपुर।
शहर में इस वर्ष होली के त्योहार के तुरंत बाद शुरू हो रही महत्वपूर्ण परीक्षाओं ने छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को भारी असमंजस में डाल दिया है। आगामी 2 मार्च को होलिका दहन, 3 मार्च को ग्रहण और 4 मार्च को धुरेड़ी का पर्व मनाया जाना है। इसके ठीक अगले दिन यानी 5 मार्च को कक्षा 9वीं, 11वीं और 12वीं की मुख्य परीक्षाएं निर्धारित हैं। जिले में होली का उत्साह धुरेड़ी के बाद भी बना रहता है, जिसके कारण परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में छात्रों को असुविधा होने की आशंका जताई जा रही है।

त्योहार और परिवहन व्यवस्था का संकट

​निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 5 मार्च को कक्षा 9वीं का संस्कृत, 11वीं का राजनीति विज्ञान और 12वीं का भूगोल विषय का पेपर है। गौर करने वाली बात यह है कि इसी दिन कलेक्टर द्वारा 'भाईदूज' के उपलक्ष्य में स्थानीय अवकाश भी घोषित किया गया है। धुरेड़ी के अगले दिन अक्सर सड़कों पर सन्नाटा रहता है और सार्वजनिक परिवहन के साधन बेहद सीमित होते हैं। ऐसे में छात्र और अभिभावक इस बात को लेकर चिंतित हैं कि परीक्षा केंद्रों तक समय पर कैसे पहुंचा जाएगा। त्योहार की गहमागहमी के बीच छात्रों की सुरक्षा और परीक्षा की तैयारी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय अवकाश का परीक्षा पर नहीं होगा असर

​विभागीय नियमों के अनुसार, परीक्षाओं के टाइम-टेबल में पहले ही यह स्पष्ट कर दिया गया है कि यदि परीक्षा की तिथियों के दौरान कोई सार्वजनिक या स्थानीय अवकाश घोषित किया जाता है, तो भी परीक्षाओं के कार्यक्रम पर उसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। शासन के इसी निर्देश के कारण जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी फिलहाल इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जब तक राज्य शासन से कोई नया आदेश प्राप्त नहीं होता, परीक्षाएं पूर्व निर्धारित समय पर ही आयोजित की जाएंगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak