जबलपुर: जेनको क्रिकेट लीग का भव्य आगाज, टाइटन और पावर एंजल्स ने दर्ज की जीत


जबलपुर
। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के तत्वावधान में रामपुर स्थित पाण्डुताल मैदान पर सोमवार को जेनको क्रिकेट लीग और खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन एमपी पावर ट्रांसमिशन कंपनी के एमडी सुनील तिवारी और पावर जनरेटिंग कंपनी के एमडी मनजीत सिंह ने ट्रॉफी का अनावरण कर किया। इस अवसर पर सुबोध निगम, मिलिन्द भान्दक्कर, दीपक कश्यप, धीरेन्द्र सिंह और संपदा सराफ गुर्जर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुष और महिला वर्ग में एक-एक मैच खेले गए। उद्घाटन मैच में टाइटन टीम ने चेलेंजर्स को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेलेंजर्स ने 10 ओवर में 91 रन बनाए, जिसमें रूपेश शाह ने 45 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टाइटन टीम ने आशुतोष सहस्त्रबुद्धे की 35 रनों की पारी की मदद से एक विकेट खोकर जीत हासिल की। आशुतोष को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

महिला वर्ग के मुकाबले भी रोमांच से भरे रहे


महिला वर्ग के मुकाबले में पावर एंजल्स ने वंडर वुमन को 9 विकेट से पराजित किया। वंडर वुमन ने पहले खेलते हुए 8 ओवर में 57 रन बनाए, जिसमें कप्तान मनीषा झारिया ने 30 रन जोड़े। जवाब में पावर एंजल्स ने नेहा सिंह के 24 रनों की बदौलत 6 ओवर में ही लक्ष्य प्राप्त कर लिया। नेहा सिंह प्लेयर ऑफ द मैच रहीं। मैचों के दौरान सुबोध धांडे व संदीप बर्मन ने अंपायर और सुशील पांडे व प्रणव देशमुख ने स्कोरर की भूमिका निभाई। कल, 10 फरवरी को लीग के दो अन्य मुकाबले खेले जाएंगे। दोपहर 1 बजे वॉरियर्स और लेजेंड्स के बीच भिड़ंत होगी, जबकि दोपहर 3:30 बजे हिटर्स और ग्लेडीएटर्स की टीमें आमने-सामने होंगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post