khabar abhi tak

शारीरिक संबंध बनाने से मना करने और पोल खुलने के डर से की गई हत्या,देखें वीडियो


पनागर में महिला की अंधी हत्या का खुलासा: दो दोस्तों ने मिलकर उतारा था मौत के घाट, एक आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर। थाना पनागर के अंतर्गत ग्राम मुड़िया की नहर में मिली अज्ञात महिला की लाश की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। यह मामला प्रेम प्रसंग, जबरदस्ती और पहचान छुपाने के लिए की गई नृशंस हत्या का निकला। पुलिस ने मुख्य आरोपी हरि उर्फ मुकेश सिंह परस्ते को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी मोनू उर्फ महेश मार्को पुलिस को देख कीटनाशक पीने के कारण मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। पुलिस ने आज प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी साझा की।

जब बाजार गई पत्नी घर नहीं लौटी


घटनाक्रम के अनुसार, ग्राम हाड़ापानी (कुण्डम) निवासी श्याम धुर्वे अपनी पत्नी सुलोचना (30 वर्ष) के साथ पनागर के एक पोल्ट्री फार्म में काम करता था। 10 जनवरी 2026 की शाम सुलोचना बाजार करने निकली थी, लेकिन वापस नहीं आई। 12 जनवरी की सुबह मुड़िया नहर में उसकी अर्धनग्न लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के गले को दबाकर उसकी हत्या की गई थी और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को नहर में फेंका गया था।

सीसीटीवी और लाल जैकेट से मिला सुराग

जबलपुर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर गठित टीम ने पनागर बाजार के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में सुलोचना एक लाल जैकेट पहने व्यक्ति के साथ घूमती और पीले रंग के ऑटो में बैठकर नयागांव की ओर जाती दिखी। तफ्तीश में पता चला कि वह व्यक्ति हरि उर्फ मुकेश परस्ते था। पुलिस ने घेराबंदी कर जब मुकेश को हिरासत में लिया, तो उसने हत्या का सारा राज उगल दिया।

शराब, मुर्गा पार्टी और खौफनाक वारदात

पूछताछ में आरोपी मुकेश ने बताया कि मृतका के उसके दोस्त मोनू उर्फ महेश के साथ अवैध संबंध थे। 10 जनवरी को वे सुलोचना को लेकर लखन पटेल के खेत में बने पंप हाउस पहुंचे। वहां तीनों ने शराब पी और मुर्गा पार्टी की। इस दौरान मुकेश ने सुलोचना से संबंध बनाने की कोशिश की, जिससे उसने मना कर दिया। बाद में मोनू ने उसके साथ संबंध बनाए, जिसके बाद मुकेश ने भी जबरदस्ती की। जब सुलोचना ने इस ज्यादती की शिकायत पुलिस और परिजनों से करने की बात कही, तो दोनों आरोपी डर गए। पकड़े जाने के खौफ में मुकेश ने सुलोचना का गला दबाया और मोनू ने उसके हाथ पैर पकड़ लिए। संघर्ष के दौरान मोनू ने महिला के गले पर पैर रखकर उसे मौत के घाट उतार दिया। सबूत मिटाने के लिए उन्होंने मृतका की साड़ी, चप्पल और बैग जला दिए और शव को सूखी नहर में फेंक दिया।

​दूसरे आरोपी ने पिया कीटनाशक

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका की चूड़ियों के टुकड़े, जले हुए बैग के अवशेष, आरोपी की लाल जैकेट और मोबाइल जब्त कर लिया है। दूसरे आरोपी मोनू ने गिरफ्तारी के डर से कीटनाशक पी लिया था, जिसका इलाज फिलहाल जारी है। इस अंधे कत्ल का खुलासा करने में पनागर थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार और उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak