डीएफओ विपिन पटेल का इस्तीफे से यू-टर्न: मानसिक स्थिति ठीक न होने का दिया हवाला, पत्नी की गुहार के बाद वापस ली चिट्ठी


जबलपुर
। जबलपुर में पदस्थ 2013 बैच के आईएफएस अधिकारी विपिन पटेल ने आखिरकार अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। 4 फरवरी को अचानक निजी कारणों का हवाला देते हुए दिए गए इस्तीफे ने वन विभाग में हलचल मचा दी थी। अब पटेल ने विभाग को स्पष्टीकरण देते हुए कहा है कि जल्दबाजी और उस समय की ठीक न रहने वाली मानसिक स्थिति के कारण उन्होंने यह कदम उठाया था।

पत्नी की गुहार, विभाग का अल्टीमेटम

​विपिन पटेल के इस्तीफे के तुरंत बाद उनकी पत्नी ने पीसीसीएफ को आवेदन देकर इसे नामंजूर करने की विनती की थी। उन्होंने तर्क दिया था कि पटेल की मानसिक स्थिति स्थिर नहीं है, इसलिए उनके फैसले को स्वीकार न किया जाए। इस आवेदन पर संज्ञान लेते हुए विभाग ने पटेल को ई-मेल भेजकर तीन दिन के भीतर स्थिति स्पष्ट करने का अल्टीमेटम दिया था। विभाग ने स्पष्ट कर दिया था कि यदि जवाब नहीं आया, तो इस्तीफे पर एकपक्षीय फैसला लेते हुए उसे स्वीकार कर लिया जाएगा। इसी दबाव और पारिवारिक आग्रह के बाद पटेल ने अपनी सेवा जारी रखने का पत्र विभाग को सौंप दिया है।

विवादों और शिकायतों से पुराना नाता

​वर्तमान में जबलपुर में वर्किंग प्लान के डीएफओ के रूप में कार्यरत श्री पटेल का करियर विवादों से घिरा रहा है। वे रीवा, दमोह, सतना और अनूपपुर जैसे जिलों में पदस्थ रहे, जहाँ उनके कई फैसलों का कड़ा विरोध हुआ। अनूपपुर में वनकर्मियों के उच्च पदभार निरस्त करने के उनके आदेश ने पूरे प्रदेश में विवाद खड़ा कर दिया था, जिसके बाद कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री तक उनकी शिकायत की थी। इसके अलावा, सागर में पदस्थापना के दौरान हुए मामलों को लेकर उनके विरुद्ध लोकायुक्त में भी जांच लंबित है।

Post a Comment

Previous Post Next Post