khabar abhi tak

एमपी : मौसम विभाग का कई जिलों में येलो अलर्ट, बारिश और तेज आंधी की चेतावनी

भोपाल. मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज फरवरी माह के अंतिम दौर में भी अस्थिर बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ, सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में एक बार फिर बारिश, तेज आंधी और कहीं-कहीं ओलावृष्टि दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में भोपाल, उज्जैन सहित 30 से अधिक जिलों में वर्षा रिकॉर्ड की गई। करीब 25 जिलों के लगभग 80 शहरों में पानी गिरा। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, धार, श्योपुर, शिवपुरी, राजगढ़, खरगोन, मुरैना, सीहोर, दतिया, गुना, रतलाम, मंदसौर, देवास और विदिशा समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। गुरुवार-शुक्रवार की रात भोपाल और सीहोर में हल्की बारिश और तेज आंधी का असर देखने को मिला।

आज भी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 20 फरवरी को करीब 17 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है। कई क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर और सागर संभाग के जिलों में खराब मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को सलाह दी गई है कि आंधी-बारिश और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।

तीसरी बार लौटा बारिश का दौर

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक प्रदेश के ऊपर दो चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं। साथ ही एक ट्रफ लाइन गुजर रही है और पश्चिमी विक्षोभ का असर भी बना हुआ है। इन मौसम प्रणालियों के कारण फरवरी में तीसरी बार बारिश का दौर आया है। अब 23 और 24 फरवरी को चौथी बार फिर बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि 21 और 22 फरवरी को मौसम साफ रहने के आसार हैं और फिलहाल कोई बड़ा अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak