शर्मनाक: रसूखदारों ने खरीद ली सरकारी सड़क, लोगों का निकलना बंद!


वार्ड क्रमांक 75 के खैरी गांव में जनता ने किया प्रदर्शन,प्रशासन पर गम्भीर आरोप

जबलपुर। जबलपुर के पनागर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 75 के खैरी गांव में आज उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब ग्रामीणों ने गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली पुरानी सड़क को बंद किए जाने के खिलाफ एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस रास्ते का वे पिछले 40 से 45 वर्षों से उपयोग कर रहे हैं, उसे अब भू-माफियाओं या प्रभावशाली व्यक्तियों द्वारा बंद करने की साजिश रची जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि यह रास्ता केवल एक पगडंडी नहीं है, बल्कि सरकारी नक्शे में भी इसे बाकायदा सड़क के रूप में दर्शाया गया है। वर्तमान में स्थिति यह है कि किसी निजी पक्ष द्वारा इस जमीन को खरीदे जाने का दावा किया जा रहा है, जिसके बाद से इस रास्ते को बंद करने की तैयारी की जा रही है। यदि यह रास्ता बंद होता है, तो सैकड़ों ग्रामीणों का संपर्क मुख्य शहर और अन्य जरूरी सुविधाओं से पूरी तरह कट जाएगा।

आरोप: जो जिम्मेदार हैं, वो चुप हैं

​प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि तहसीलदार, आरआई और पटवारी जैसे जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में मौन साधे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जमीन खरीदने वाले लोग रसूखदार हैं, जिसके कारण राजस्व विभाग उनकी मदद करने के बजाय खरीदारों का पक्ष ले रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मामले में न्याय नहीं मिला और सार्वजनिक रास्ते को बहाल नहीं रखा गया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post