जबलपुर। नगर निगम के महाराणा प्रताप वार्ड के धनवंतरी नगर में कचरे से बजबजाते खुले नाले पर सूखी सिल्ट की मुंडेर बन गई है। इस सिल्ट को उठाया नहीं गया है, जिससे कचरे की सिल्ट में सूखे हुआ कचरा हवा से इधर-उधर फैल रहा है। क्षेत्रीय लोग कहते हैं कि छह माह से यहां सफाई मित्र दिखाई नहीं दिया है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि सफाई करवाने का सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं। उधर, निगम दावा कर रहा है कि वे सफाई करते हैं लेकिन निगम के दावे और हकीकत में भारी अंतर है।
धनवंतरी नगर के एलआईजी में रहने वाले लोग नगर निगम की लचर सफाई व्यवस्था से परेशान हो चुके हैं। निगम के क्षेत्रीय कार्यालय में सूचना देने के बाद भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली और न ही सीएम हेल्प लाइन में शिकायत से उन्हें कोई मदद मिली। अब लोग निगम की व्यवस्थाओं के खिलाफ सड़क पर उतरने की तैयारी कर रहे हैं।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि 6 महीनों से नाले का कचरा सड़क किनारे पड़ा हुआ है, जिसे सूख जाने के बावजूद उठाया नहीं गया। नाले की नियमित सफाई पूरी तरह से बंद कर दी गई। कचरे और मलबे के कारण गंदगी घरों के अंदर तक घुस रही है, जिससे क्षेत्र में मच्छरों के बढ़ने से डेंगू, मलेरिया, त्वचा रोग और पेट संबंधी बीमारियां फैल रही हैं।
लोग कहते हैं कि नाला पूरी तरह खुला हुआ है। इस नाले में बच्चों और राहगीरों के गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं। नाले में बहाव बंद होने से पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है। नगर निगम का कोई कर्मचारी सफाई के लिए आता ही नहीं। पिछले 1 साल से सड़क पर झाड़ू तक नहीं लगाई गई है। इस मामले को लेकर सीएम हेल्प लाइन में दो बार शिकायत की गई है लेकिन उसके बाद भी यहां कोई एक्शन नहीं लिया गया है।


