भोपाल. पश्चिम मध्य रेलवे का भोपाल मंडल अब पूर्व सैनिकों को रेलवे सेवा से जोडऩे की दिशा में बड़ी पहल करने वाला जबलपुर रेल जोन का पहला मंडल बन गया है। मंडल ने स्टेशनों पर पॉइंट्समैन के पदों पर एक्स-सर्विसमैन की तैनाती के लिए ्र Army Welfare Placement Organization (AWPO) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस समझौते के तहत भोपाल मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर 56 पूर्व सैनिकों को पॉइंट्समैन के रूप में नियुक्त किया जाएगा। रेलवे प्रशासन के मुताबिक चयनित जवानों की भौतिक तैनाती आगामी 15 दिनों के भीतर शुरू कर दी जाएगी।
इस समझौते के साथ भोपाल मंडल, पश्चिम मध्य रेलवे का पहला ऐसा मंडल बन गया है, जिसने पूर्व सैनिकों की नियुक्ति के लिए इस तरह का एमओयू किया है। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि यह कदम न सिर्फ पूर्व सैनिकों के पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि रेल परिचालन और संरक्षा को भी मजबूती देगा।
समझौता ज्ञापन पर मंडल की ओर से वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रोहित मालवीय और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी विजय सिंह ने हस्ताक्षर किए। वहीं ्रङ्खक्कह्र की ओर से सेवानिवृत्त कर्नल मुकेश कुमार तिवारी ने दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सेना से सेवानिवृत्त जवान अनुशासन, जिम्मेदारी और कार्यकुशलता के लिए पहचाने जाते हैं। ऐसे में उनकी नियुक्ति से स्टेशनों पर पॉइंट्स संचालन में दक्षता बढ़ेगी और सुरक्षा मानकों को और सुदृढ़ किया जा सकेगा।
दीर्घकालिक सहयोग की ओर कदम
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के मुताबिक यह समझौता दोनों संगठनों के बीच दीर्घकालिक और परिणामदायी सहयोग की दिशा में अहम कदम है। इससे रेलवे और पूर्व सैनिक दोनों को लाभ मिलेगा।
