जबलपुर: सैक्स रैकेट की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश, आरोपी का निकाला पैदल मार्च।


जबलपुर।
खितौला थाना क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड नंबर 16 में पुलिस ने सेक्स रैकेट संचालित होने की सूचना पर अवैध गतिविधियों के अड्डे पर दबिश दी। सर्चिंग के दौरान हालांकि कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए आरोपी को पैदल क्षेत्र में घुमाया। इस दौरान बदमाश कान पकड़कर माफी मांगते हुए नजर आया। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि खितौला-मझगवां रोड निवासी बंटी उर्फ सुनील (49) के घर में संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त था। खितौला थाना प्रभारी रमन सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस बल ने बंटी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई, लेकिन आरोपी के पूर्व के आपराधिक रिकॉर्ड और अनैतिक गतिविधियों में संलिप्तता को देखते हुए पुलिस ने उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। ग्रामीणों के गुस्से और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने आरोपी को क्षेत्र में पैदल घुमाया। इस दौरान आरोपी बंटी बीच सड़क पर अपने कान पकड़कर भविष्य में अपराध न करने की कसम खाता दिखा। पैदल मार्च के बाद आरोपी को पुलिस थाने ले जाया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post