khabar abhi tak

चलती ट्रेन में यात्री पर चाकू से हमला: वेंडर की हैवानियत से मची अफरा-तफरी, घायल अस्पताल में भर्ती


जबलपुर। 
पुणे-सुपौल एक्सप्रेस के जनरल कोच में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक वेंडर ने मामूली विवाद के बाद एक यात्री पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात ने रेल यात्रियों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाजीपुर निवासी 29 वर्षीय राहुल सिंह राजपूत गाड़ी संख्या 11041 पुणे-सुपौल एक्सप्रेस से अपने घर जा रहा था। ट्रेन जब भिटौनी स्टेशन के पास पहुंची, तभी राहुल का ट्रेन के एक वेंडर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि आक्रोशित वेंडर ने पास रखा चाकू निकालकर राहुल के पैर पर वार कर दिया।

दहशत का माहौल,जीआरपी एक्टिव

अचानक हुए इस हमले से डिब्बे में बैठे अन्य यात्री सहम गए और अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कोच में काफी देर तक अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर सक्रिय हुई। ट्रेन के जबलपुर स्टेशन पहुंचते ही जीआरपी ने घायल यात्री को तत्काल उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने आरोपी वेंडर की पहचान कर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak