जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक धार्मिक कार्यक्रम में वितरित किया गया प्रसाद जानलेवा साबित हुआ। मंदिर में आयोजित भंडारे के दौरान 'पिस्ता बर्फी' खाने से 45 वर्षीय एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि 16 अन्य लोग अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। मृतक की पहचान भेड़ाघाट चौराहा निवासी इन्द्रपाल पटेल (45) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार को क्षेत्र के पटेल परिवार द्वारा मंदिर में महिलाओं का धार्मिक कार्यक्रम और पूजन आयोजित किया गया था। पूजन के पश्चात आयोजित भंडारे में भोजन के साथ प्रसाद स्वरूप पिस्ता बर्फी भी बांटी गई थी।
इलाज के दौरान तोड़ा दम, क्षेत्र में पसरा मातम
प्रसाद ग्रहण करने के कुछ ही घंटों बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। कई लोगों ने उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें तत्काल शासकीय मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार को इन्द्रपाल की स्थिति बिगड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए नागपुर ले जाया गया, लेकिन वहां सुधार न होने पर पुनः जबलपुर लाया गया, जहां रविवार को उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।
मिठाई दुकान से लिए गए नमूने जांच के लिए भेजे
मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सक्रियता दिखाई है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि विवादित मिठाई भेड़ाघाट चौराहे पर स्थित एक दुकान से खरीदी गई थी। टीम ने संबंधित दुकान से मिठाई के नमूने जब्त कर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे मामले की निगरानी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो पाएगी।
