khabar abhi tak

लेफ्ट टर्न से हटे अवैध कब्जे, रात में भी चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान


नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: छोटी लाइन से धन्वंतरि नगर तक हटे अतिक्रमण, यातायात हुआ सुगम

जबलपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और नागरिकों को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए नगर निगम ने 'अतिक्रमण मुक्त जबलपुर' अभियान के तहत व्यापक कार्रवाई की है। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार, आज शहर के प्रमुख मार्गों और लेफ्ट टर्न से अवैध कब्जों को हटाया गया, जिससे आम जनता ने राहत की सांस ली है।

​अपर आयुक्त अरविंद शाह और अतिक्रमण प्रभारी मनीष तड़से के नेतृत्व में निगम की टीम ने छोटी लाइन फाटक और आदिशंकराचार्य चौराहा के चारों ओर फैले अस्थाई अतिक्रमणों को साफ किया। कार्रवाई के दौरान सड़क पर बढ़ाए गए अवैध निर्माणों और लेफ्ट टर्न को बाधित करने वाले ढांचों को हटाया गया। साथ ही, आदतन अतिक्रमणकारियों का सामान भी जब्त किया गया।

मेट्रो बस स्टॉप को कराया मुक्त, रात में भी जारी रहेगी निगरानी

​निगम के दस्ते ने छोटी लाइन फाटक से रामपुर चौक और त्रिपुरी चौक तक सड़क किनारे लगे सभी अस्थाई अतिक्रमणों को हटाया। धन्वंतरि नगर चौराहे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जेसीटीएसएल मेट्रो बस स्टॉप को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया गया। यहाँ बिजली के पोल और बाउंड्री वॉल के सहारे बनाए गए अवैध टीन शेड को जेसीबी की मदद से ढहा दिया गया। ​मनीष तड़से ने बताया कि यातायात व्यवस्था को निरंतर बनाए रखने के लिए अब रात्रिकालीन अभियान भी चलाया जा रहा है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान सहायक अतिक्रमण निरोधक अधिकारी अखिलेश सिंह भदौरिया, श्रीमती एकता रघुवंशी, सहायक परिवहन एवं यातायात प्रबंधन अधिकारी दीपेंद्र सिंह रावत सहित दल प्रभारी लक्षण कोरी, नदीम खान, जोसफ प्रवीण, अंकित पारस, वीरेंद्र मिश्रा, ब्रज किशोर तिवारी एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak