जबलपुर। डिंडौरी, मंडला में हो रही तेज बारिश की वजह से बरगी बांध में पानी आवक तेज हो गई है। मंगलवार को बांध का जल स्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया था, जिसे देखते हुए सुबह 11.30 बजे बांध के 9 गेट 0.78 मीटर खोले गए हैं। इन गेटों से 1031 क्यूसेक जल की निकासी की जा रही है। बांध का जलस्तर 421 मीटर पहुंच गया है। बांध में पानी आवक 1200 क्यूमेक है। बांध 85 प्रतिशत से अधिक भर गया है।
गौरतलब है कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान एवं वर्षा को दृष्टिगत रखते हुए सोमवार रात 8 बजे बांध की स्थिति को देखते हुए बांध प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए मंगलवार सुबह 11 बजे 9 गेट खोलने का फैसला लिया था। बांध का जल स्तर 420.80 पहुंच गया था। नर्मदा नदी के घाटों पर 3 से 4 फुट पानी की बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। बांध में पानी की आवक के अनुसार जल की निकासी को कभी भी घटाया अथवा बढ़ाया जा सकता है।
