दमोह. एमपी के दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम हादसे में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। ये दोनों आरक्षक बांदकपुर स्थित जागेश्वर धाम में ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई। एक गंभीर आरक्षक को जबलपुर रेफर किया गया है.
जानकारी के मुताबिक, तेंदूखेड़ा थाने में पदस्थ आरक्षक रिंकू रजक और महिला आरक्षक अंकिता मिश्रा स्कूटी से बांदकपुर जा रहे थे। अभाना के पास सामने से आ रही एक बाइक के बाजू में टंगा बैग उनकी स्कूटी से टकराकर फंस गया, जिससे स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर जा गिरे।
एक आरक्षक की हालत गंभीर, जबलपुर रेफर
हादसे के तुरंत बाद दोनों को तेंदूखेड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। बीएमओ डॉ. अशोक बरोनिया ने बताया कि महिला आरक्षक अंकिता मिश्रा को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें शुरुआती इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं आरक्षक रिंकू रजक की पीठ की हड्डी में गंभीर चोट आने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।
अफसर पहुंचे अस्पताल, ली जानकारी
घटना की खबर मिलते ही तेंदूखेड़ा एसडीओपी अर्चना अहीर और टीआई सरोज ठाकुर तुरंत अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। टीआई सरोज ठाकुर ने बताया कि सामने से आती बाइक को बचाने के फेर में स्कूटी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
