राजस्थान में भीषण सड़क हादसा: खाटूश्याम जा रहे जबलपुर के 5 लोगों की मौत, कार के उड़े परखच्चे


जबलपुर
। जबलपुर के स्टार सिटी और ग्रीन सिटी निवासी चार युवकों समेत एक महिला की राजस्थान के जयपुर जिले में भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे (एनएच-52) पर चाकसू क्षेत्र में हुआ। श्रद्धालु कार से खाटू श्याम जी के दर्शन करने जा रहे थे, तभी उनकी तेज रफ्तार कार आगे चल रहे एक ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और शव मलबे में बुरी तरह फंस गए।

महाकाल के दर्शन के बाद खाटूश्याम जा रहे थे श्रद्धालु

​हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान जबलपुर के नक्षत्र नगर निवासी रेशमा श्रीवास्तव (पति अखिलेश श्रीवास्तव), ग्रीन सिटी निवासी पीयूष राय (पिता राजेश राय), राहुल रजक (पिता बबलू रजक) और कार चालक अनुराग के रूप में हुई है। इस दुर्घटना में एक पांचवें व्यक्ति की भी मौत हुई है, जिसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार, ये सभी 12 फरवरी को जबलपुर से उज्जैन के लिए निकले थे। 13 फरवरी को श्री महाकालेश्वर महादेव के दर्शन करने के बाद वे खाटूश्याम जी (सीकर) के लिए रवाना हुए थे, लेकिन मंजिल पर पहुंचने से पहले ही चाकसू के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।

मंत्री राकेश सिंह ने जताया गहरा शोक

​घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया और परिजन तुरंत राजस्थान के लिए रवाना हो गए हैं। इस हृदयविदारक घटना पर प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जबलपुर के नागरिकों का इस तरह असामयिक निधन अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है कि शोक संतप्त परिजनों को यह भारी दुख सहन करने की शक्ति मिले।

Post a Comment

Previous Post Next Post