khabar abhi tak

प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र को शिखर पर ले जाने की जिम्मेदारी अब नए कंधों पर: एमडी तिवारी


जबलपुर।
मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के मुख्यालय शक्तिभवन में हाल ही में नियुक्त सहायक अभियंताओं के लिए एक परिचयात्मक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने नवागत अभियंताओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें भविष्य की चुनौतियों और जिम्मेदारियों से अवगत कराया। संबोधन के दौरान श्री तिवारी ने नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि एक कठिन चयन प्रक्रिया को पार कर यहाँ पहुँचना केवल एक रोजगार प्राप्त करना नहीं है, बल्कि यह इस प्रतिष्ठित संस्था की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने की एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हर अधिकारी का प्राथमिक लक्ष्य कंपनी की कार्यकुशलता और उत्कृष्टता को हर हाल में बनाए रखना होना चाहिए।

फील्ड प्रशिक्षण को गम्भीरता से लें


एमपी ट्रांसको में हाल ही में 42 अभियंताओं का चयन हुआ है, जिनमें विशेष रूप से 17 महिला अभियंता शामिल हैं। इन सभी को संबोधित करते हुए एमडी ने कहा कि प्रशिक्षण अवधि किसी भी अधिकारी के व्यावसायिक जीवन का सबसे महत्वपूर्ण चरण होती है। उन्होंने नवनियुक्त अभियंताओं से आह्वान किया कि वे अपने 'फील्ड प्रशिक्षण' को पूरी गंभीरता से लें, क्योंकि जमीनी स्तर का अनुभव ही उन्हें एक कुशल और निर्णय लेने में सक्षम अधिकारी बनाएगा।

ऊर्जा क्षेत्र में अग्रणी भूमिका का लक्ष्य

​श्री तिवारी ने भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सहायक अभियंता संवर्ग के पास कंपनी के सर्वोच्च पद तक पहुँचने का अवसर होता है। उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र में मध्यप्रदेश की महत्वपूर्ण और अग्रणी भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य की विद्युत व्यवस्था की मजबूती सामूहिक प्रयासों पर टिकी है। यदि सभी अधिकारी पूरे मनोयोग और निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे, तो सफलता निश्चित है। कार्यक्रम में कंपनी के सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे, जिन्होंने नवागत टीम का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन अधीक्षण अभियंता राजेश कुमार शर्मा द्वारा किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak