जबलपुर। एमपी के जबलपुर रेलवे स्टेशन का नजारा आज दोपहर के वक्त देखने लायक रहा है। यहां से मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के 800 वरिष्ठ नागरिक रामेश्वरम- मदुरै की तीर्थ यात्रा पर रवाना हुए। एमएमटीडीवाई-21 भारत गौरव स्पेशल ट्रेन (00131) दोपहर 2.25 बजे स्टेशन से चली। महाकौशल अंचल के श्रद्धालु 6 रात और 7 दिन की यात्रा करेंगे।
बताया गया है कि यात्रा में जबलपुर से 290, नैनपुर से 255 व बालाघाट से 255 यात्री ट्रेन में सवार हुए। सभी श्रद्धालु मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत यात्रा कर रहे हैं। ट्रेन रवाना होने से पहले यात्रियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। तुलसी माला पहनाई गई और फूल बरसाए गए। ढोल-नगाड़ों के बीच श्रद्धालुओं को विदा किया गया। परिजन भी स्टेशन पहुंचे थे। यात्रियों को नाश्ता वितरित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीक मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि यह योजना उन वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपयोगी है, जो आर्थिक कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते थे। उन्होंने सभी यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। इस यात्रा के लिए भारत गौरव स्पेशल ट्रेन चलाई गई है। योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई जा रही है। श्रद्धालु जयकारों और तालियों के बीच अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।